उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने किया सीएम आवास कूच, गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में पुरानी पेंशन बहाली की मांग रहे कर्मचारियों ने रविवार को देहरादून में हुंकार भरी। प्रदेशभर से कर्मचारी दून में एकत्रित हुए और सीएम आवास कूच किया। इस दौरान प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

रुद्रप्रयाग के पैदल चलकर आए पांच सदस्य
रविवार सुबह से ही सैकड़ों कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर परेड ग्राउंड में इकट्ठा होने लगे थे। करीब साढ़े ग्यारह बजे रुद्रप्रयाग से पैदल चलकर देहरादून पहुंचने वाले पांच सदस्यीय दल का स्वागत किया गया। इन पांच सदस्यीय दल में नरेश कुमार भट्ट, आलोक रौथाण, प्रवीण घिल्डियाल, शंकर भट्ट और रणवीर सिंघवाल शामिल थे।

प्रदर्शनकारियों के हुजूम को देख पुलिस के हाथ-पैर फूले
इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। कर्मचारियों के हुजूम को देखकर पुलिस वालों के हाथपांव फूल गये। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दरम्यान प्रदर्शनकारियों की पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारी बेरिकेडिंग स्थल पर बैठ गये। यहीं पर हुई सभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत, प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश प्रसाद बहुगुणा, महासचिव सीताराम पोखरियाल, प्रभारी विक्रम सिंह रावत, नरेश भट्ट, शिव सिंह नेगी, रघुवीर बिष्ट ने संबोधित करते हुए एनपीएस का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद मामला बढ़ता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी देने वालों में नागेंद्र सिंह, योगेश घिल्डियाल, दलीप कैंतुरा, आलोक उनियाल, गिरीश तिवारी, भरत सिंह नेगी, जयपाल गुसाईं, सीताराम पोखरियाल, खीम सिंह रावत, विक्रम सिंह रावत आदि सैकड़ों लोग शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button