
देहरादून। बेरोजगारों और पुलिस के बीच जबर्दस्त बवाल मच गया। लाठी डंडे से लेेकर ईंट पत्थर तक सब चले। जिसके विरोध स्वरूप आज उत्तराखंड बंद का ऐलान किया गया है। बेरोजगार संघ ने गांधी पार्क में बुधवार रात और बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे बेरोजगारों और छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश बंद का आह्वान किया है। उग्र प्रदर्शनकारियों को जिलाधिकारी ने मनाने की कोशिश की, लेकिन वे किसी से वार्ता करनेे के मूड में नहीं थे।
परेड ग्राउंड के पास धारा 144 लागू
बेरोजगार युवाओं के संभावित आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने परेड ग्राउंड की 300 मीटर की परिधि में धारा 144 लगा दी है। यह शुक्रवार शाम तक जारी रहेगी। इस परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के जमाव पर रोक रहेगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी सोनिका ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर यह निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके अनुसार, शुक्रवार को बेरोजगार और उनके अभिभावकों के देहरादून में इकट्ठा होने की संभावना है। लिहाजा कानून व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में एहतियातन यह कदम उठाया गया है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति इस परिधि में लाठी, डंडे, बंदूक, हाॅकी स्टिक, तलवार आदि नहीं ला सकता है।
बेरोजगार संघ का आज प्रदेश बंद ऐलान
गांधी पार्क में बुधवार रात और बृहस्पतिवार को शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे बेरोजगारों और छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश बंद का आह्वान किया है। संघ ने विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक, पूर्व सैनिक, छात्र संगठन, कर्मचारी संगठन, टैक्सी यूनियन व व्यापारिक संगठनों से समर्थन की अपील की है।
बुधवार रात हुई पुलिस कार्रवाई के वीडियो वायरल होने पर बिगड़ा माहौल
बेरोजगारों का बृहस्पतिवार को भी आंदोलन शांतिपूर्वक रहने की संभावना थी। लेकिन, पुलिस की बुधवार रात की कार्रवाई ने खेल बिगाड़ दिया। इस कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। पुलिस पर आरोप लगे तो वहां पर भीड़ जमा होती गई। देखते ही देखते स्थिति कंट्रोल से बाहर हो गई। बेरोजगार युवाओं ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने बुधवार रात को बेरोजगारों को प्रदर्शन स्थल से हटाना चाहा था। https://sarthakpahal.com/