उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिक

निर्दयी मां ने तीन महीने के बच्चे का ही सौदा कर दिया 8 लाख में, 4 लोग गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में तीन महीने के मासूम का 8 लाख रुपये में मां ने ही सौदा तय कर दिया। पुलिस को जब इसकी भनक लग गई, दबिश देकर मां, नाना और बिचौलिए के साथ ही खरीदार को भी दबोच लिया। पुलिस ने पांच लाख की नकदी भी बरामद की है, जो खरीदार से बतौर एडवांस ली गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्जकर गिरफ्तार कर लिया।

बच्चे की मां, नाना, खरीदार, बिचौलिया गिरफ्तार
शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राज बिहार फेस-1 फुटबाल ग्राउंड के पास एक घर में बच्चे की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली कनखल थाने की टीम ने मौके पर छापा मारा। बच्चे की मां मोनिका, नाना पिंटू निवासी ग्राम सूबखेडा पौंटा जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश, हाल पता बलराम वाली गली निकट फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर कनखल के अलावा महादेव निवासी रानीपोखरी देहरादून और हर्षी निवासी राजागार्डन गली नंबर तीन कनखल को गिरफ्तार कर लिया। महादेव बच्चे का खरीदार है, जबकि हर्षी बिचौलिया और महादेव की बहन है।

वंश चलाने की चाह ने बना दिया अपराधी
बच्चा खरीदने के आरोपी महादेव को वंश आगे बढ़ाने की चाह ने अपराधी बना दिया। उसने कानूनी तरीके से बेटा गोद लेने के बजाय खरीद-फरोख्त से बेटा खरीदना चाहा। उसकी बहन हर्षी भी इस अपराध में भागीदार बनी। हर्षी ने ही महादेव को मोनिका से बेटा दिलवाने की बात करवाई। शुक्रवार को जगजीतपुर में बच्चा लेने के लिए पहुंचे और धर लिए गए।

घरों में झाड़ू-पोंछा का काम करती है मोनिका
मोनिका ने अपने पिता पिंटू के साथ मिलकर अपने ही मासूम बच्चे का सौदा किया। मोनिका के दो बेटे और एक बेटी है। पति से तलाक हो चुका है। वह घरों मे झाड़ू-पोंछा कर गुजर बसर करती है। पिता भी उसी के साथ रहते हैं। ये उसका तीसरा बच्चा था, जिसे उसने 8 लाख में बेच दिया था। https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button