
देहरादून। उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय हल्द्वानी में 100 एकड़ भूमि में स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। हल्द्वानी में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को शामिल कर इसके आस-पास भूमि चिन्हित की जाएगी। इसके साथ ही खेल विश्वविद्यालय के एक्ट, नियमावली आदि बनाने के संबंध में भी निर्णय लिया गया है। विषय विशेषज्ञ के रूप में स्वर्णिम गुजरात स्पोटर्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर की सेवाएं ली जाएंगी।
बुधवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित खेल विवि के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि खेल विवि के लिए अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ ही आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों के लिए विषय विशेषज्ञों के सुझाव लिए जाएं। सुझाव के आधार पर ही खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में आगे की कार्यवाही की जाए।
100 एकड़ में बनेगा खेल विश्वविद्यालय : रेखा आर्य
खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ ही उनका शैक्षिक व खेल का स्तर बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बताया कि करीब 100 एकड़ में खेल विवि बनेगा, जिसके लिए जिलाधिकारी को हल्द्वानी स्थित स्टेडियम के आस-पास ही जमीन तलाशने को कहा गया है। बैठक में मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो.दुर्गेश पंत, खेल निदेशक जितेन्द्र सोनकर आदि उपस्थित थे। https://sarthakpahal.com/
वर्ष 2024 में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। राज्य में खेल विश्वविद्यालय बनने से राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री