
देहरादून। रेलवे ने देहरादून-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है। 28 मई से ट्रेन विधिवत शुरू हो जाएगी। संयुक्त निदेशक (कोचिंग) रेलवे बोर्ड विवेक कुमार सिन्हा ने बताया कि देहरादून और दिल्ली के बीच हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ पांच स्टाप होंगे। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। वहीं, औसत रफ्तार 63.41 तय की गई है। ट्रेन का किराया भी जल्द निर्धारित किया जाएगा।
बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी
वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह सात बजे देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना होगी। वंदे भारत देहरादून से चलने वाली सबसे तेज ट्रेन शताब्दी से एक घंटे कम समय में दिल्ली पहुंचाएगी। हालांकि, शताब्दी एक्सप्रेस को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक चलाया जाता है। जबकि, यह ट्रेन आनंद विहार तक ही जाएगी। यह ट्रेन यात्रा में चार घंटे 45 मिनट लेगी। दून से सुबह सात बजे चलकर वंदे भारत आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर सुबह 11.45 बजे पहुंचेगी। वंदे भारत को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से धीमी गति से पास कराया जाएगा।
राजाजी पार्क क्षेत्र में 60 किमी होगी गति
सभी ट्रेनों को राजाजी पार्क में नियंत्रित गति पर गुजारा जाता है। इसमें वंदे भारत के लिए भी गति निर्धारित की गई है। यह ट्रेन इस क्षेत्र से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजरेगी। राजाजी पार्क क्षेत्र में शताब्दी एक्सप्रेस के लिए भी यही गति निर्धारित की गई है।
यह होगा ट्रेन का शेड्यूल
देहरादून से दिल्ली- वंदे भारत देहरादून से सात बजे चलकर 8.04 पर हरिद्वार, 8.45 पर रड़की, 9.27 पर सहारनपुर, 10.007 पर मुजफ्फरनगर, 10.37 पर मेरठ और 11.45 पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
इसी तरह दिल्ली से देहरादून के लिए आनंद विहार से शाम 5.20 पर निकलकर 6.38 पर मेरठ, 7.08 पर मुजफ्फरनगर, 7.55 पर सहारनपुर, 8.31 पर रुड़की, 9.15 पर हरिद्वार और 10.35 पर देहरादून पहुंच जायेगी।
वंदे भारत का किराया अभी तक तय नहीं किया गया है। बताया जा रहा है किराया शताब्दी एक्सप्रेस से 1.2 से 1.3 फीसदी अधिक हो सकता है। https://sarthakpahal.com/