उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरराजनीतिसामाजिक
‘मौलाना भूल गया था यूपी में किसका शासन है’, ऐसा सबक सिखाया कि सात पीढ़ियां याद रखेंगी: योगी

लखनऊ, 27 सितम्बर। राजधानी लखनऊ स्थित होटल ताज में शनिवार को ‘विकसित उत्तर प्रदेश विजन 2047’ के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर यूपी के विकास और आने वाले समय में प्रदेश के विकास के लक्ष्य पर चर्चा हुई। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने प्रदेश में कानून व्यवस्था से लेकर एक्सप्रेसवे, मेट्रो और अन्य विकास कार्यों पर अपनी बात रखी। उन्होंने अशांति फैलाने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दी।
बरेली हिंसा पर सीएम की दो टूक
सीएम ने कहा कि बरेली में मौलाना भूल गया कि शासन किसका है। कहता था, धमकी देंगे कि हम शहर जाम कर देंगे। हमने कहा ना तो जाम होगा… ना ही कर्फ्यू लगेगा। बल्कि, ऐसा सबक सिखाएंगे की आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। 2017 से पहले यही होता था। लेकिन, अब हमने ऐसे बैरियर को लागू किया है, जिससे चुन-चुन करके ऐसे लोगों को सबक सिखाया। वह जिस भाषा में समझना चाहते थे, उस भाषा में उन्हें समझाया गया।
…ऐसे लोगों के लिए मैंने बुलडोजर बनाया’- सीएम
इसी तरह ऐसा कोई मानव नहीं, जिसके अंदर गुण न हों। लेकिन, एक लक्ष्य होना चाहिए। इसीलिए मैं कहता हूं कि यही वह लोग हैं जो झूठे नारों से समाज को गुमराह करते हैं। जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटते हैं। ऐसे ही लोगों के लिए मैंने बुलडोजर बनाया है। आजादी के समय जिस राज्य का योगदान एक तिहाई से ज्यादा था, आज केवल दो फीसदी रह गया है। भारत 11वीं अर्थव्यवस्था के रूप में सीमित रह गया था, जो आज चौथे स्थान पर पहुंच गया है। जल्द से जल्द तीसरे स्थान पर होगा।
चाचा-भतीजा और माफिया राज पर करारा प्रहार
योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘चाचा-भतीजा’ वसूली के धंधे में लिप्त थे और हर जिले में एक माफिया को समानांतर सत्ता चलाने की छूट दी गई थी। उन्होंने कटाक्ष किया कि सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग माफियाओं के सामने नतमस्तक थे। सत्ता के मुखिया माफिया के कुत्ते से हाथ मिलाकर गौरवान्वित महसूस करते थे।
योगी ने कहा कि ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था में न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी, और न ही किसान। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब सत्ता बेइमान और भ्रष्ट लोगों के हाथ में आती है, तो वह समाज को जाति और परिवार के नाम पर गुमराह करती है। ऐसे लोगों के लिए हमने बुलडोजर बनाया है।” उनकी सरकार ने माफिया राज को जड़ से उखाड़कर प्रदेश को विकास की राह पर ला खड़ा किया।
देश और दुनिया उत्तर प्रदेश की तरफ देख रही
उत्तर प्रदेश गन्ना उत्पादन एथेनॉल उत्पादन चीनी उत्पादन में नंबर एक है। उत्तर प्रदेश सबसे अधिक युवा आबादी के साथ सबसे ज्यादा नौकरी देने वाला राज्य बन चुका है। सबसे ज्यादा निवेश भी आमंत्रित कर रहा है। देश और दुनिया उत्तर प्रदेश की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। हमें गुलामी की मानसिकता को त्यागना होगा। अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करनी होगी। पुलिस के प्रति सम्मान देना होगा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को पांच प्रण दिए थे। तय किया था कि विकसित भारत का निर्माण करेंगे। भारत 30 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी होगी।