
देहरादून, 28 दिसम्बर। श्रीश्री बालाजी सेवा समिति की ओर से 52 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया। इस दौरान धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संगठन से जुड़े लोगों ने शिरकत कर वर-वधू को अशीर्वाद दिया। सभी ने उनके सुखी जीवन की कामना की। वैदिक पद्धति से संपन्न हुए विवाह समारोह में हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनभावन संगीत चलता रहा। दूनवासियों के लिए ऐसा सामूहिक विवाह एक अदभुत कार्यक्रम था।
सामूहिक कन्या विवाह के लिए बीते शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्र से होकर निकली 52 दूल्हों की बरात ने शिवाजी धर्मशाला में विश्राम किया। रविवार को बैंड बाजे के साथ लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कालेज के मैदान में तक बरात निकाली गई। गेट पर दूल्हों का स्वागत किया गया।
मंगल गीत के बाद एक साथ 52 जोड़ों ने सात फेरे लिए। पूरे रस्म रिवाज के साथ शाम को विदा किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों को सराहा। शाम को करीब छह बजे विदाई की गयी। 52 नवविवाहितों को 175 से अधिक घरेलू उपयोग के सामान वितरित किये गये। इस भेंट में डबल बेड, अलमारी, रसोई का सामान, मनोरंजन व जीवन की जरूरत के सामान उपहारस्वरूप दिये गये। इनमें से कई युवतियां ऐसी भी थीं, जिनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं थे, उनका कन्यादान व्यक्तिगत तौर पर किया गया।
राजपुर रोड विधायक खजानदास, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन अशोक अग्रवाल, कैंट विधायक सविता कपूर, दीपक सिंघल ने शिरकत की। समिति के अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि समिति की ओर से विवाह का यह 16वां समारोह था। अब तक समिति 467 से अधिक कन्याओं का विवाह करा चुकी है।
उन्होंने वर वधू के खुशी जीवन की कामना की। इस मौके पर समिति के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, सचिव मनोज खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष चंद्रेश अरोड़ा, मीडिया प्रभारी मनमोहन लखेड़ा आदि मौजूद रहे।



