
देहरादून, 30 जनवरी। अंकिता भंडारी हत्याकांड न्याय यात्रा के लिए आठ फरवरी को महापंचायत होगी। शुक्रवार को पूर्व सीएम हरीश रावत के आवास पर इंडिया गठबंधन दलों व संगठनों के साथ बैठक में रणनीति पर चर्चा की गई। अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए बैठक में कई बिन्दुओं पर चर्चा हुई।
पूर्व सीएम हरीश रावत की पहल पर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए आठ फरवरी को प्रस्तावित महापंचायत पर इंडिया गठबंधन दलों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया हत्याकांड में वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई न होने तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम सर्वविदित हो चुका है, लेकिन सरकार लगातार वीआईपी को बचाने के लिए हर हथकंडे अपना रही है। अंकिता भंडारी न्याय यात्रा व विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से कमला पंत व निर्मला बिष्ट ने महापंचायत के लिए सभी राजनैतिक दलों से सहयोग का आग्रह किया। बैठक में सहमति बनी कि अगली बैठक तीन फरवरी को सपा कार्यालय में होगी।
अगली बैठक तीन फरवरी को समाजवादी पार्टी के कार्यालय होगी। न्याय मंच की संयोजक कमला पंत व निर्मला बिष्ट, समाजवादी पार्टी के डॉ. एसएन सचान, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, सीपीआईएम नेता राजेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस नेता सुरेंद्र कुमार, सामाजिक संगठनों की ओर से रवि चोपड़ा, जगदीश कुकरेती, सीपीएम माले के नेता इंद्रेश मैखुरी, एसएस रजवार, मनमोहन आदि मौजूद थे।



