
मसूरी, 10 फरवरी। पिथौरागढ़ यूनिट से ड्यूटी पर आए आईटीबीपी (इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस) के एक ITBP जवान चेतराम मीणा ने अपने आवासीय कक्ष में आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.
राजस्थान का रहने वाला था ITBP जवान
मसूरी पुलिस ने बताया कि मंगलवार 10 फरवरी को आईटीबीपी अकादमी मसूरी से पुलिस को सूचना दी गई कि ड्यूटी पर तैनात एक ITBP जवान ने आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची, जांच के दौरान मृतक की पहचान कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा (38 वर्ष) पुत्र राम फल मीणा, निवासी ग्राम भौबता, पोस्ट बसवा, जिला दौसा, राजस्थान के रूप में हुई.
कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा वर्तमान में आईटीबीपी मसूरी में ड्यूटी पर तैनात था और मूल रूप से यूनिट 14 पिथौरागढ़ में नियुक्त था. उसने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली. पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई. इसके बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय मसूरी भिजवाया गया, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
देवेंद्र चौहान, कोतवाल, मसूरी
पिछले साल भी कर चुका था आत्महत्या का प्रयास
कोतवाल ने बताया कि, जांच के दौरान आईटीबीपी अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि मृतक जवान करीब दो माह पूर्व ही पिथौरागढ़ से मसूरी ड्यूटी पर आया था. अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि कॉन्स्टेबल चेतराम मीणा द्वारा जुलाई 2025 में पिथौरागढ़ में भी आत्महत्या का प्रयास किया गया था. जिसके बाद उसका उपचार और काउंसलिंग कराई गई थी.
फिलहाल पुलिस द्वारा शव के पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. इस घटना से आईटीबीपी कैंप में शोक छाया हुआ है।



