
देहरादून, 11 फरवरी। तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को पुलिस ने दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक के बाद एक हुई हत्याओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. दिनदहाड़े हुई इन वारदातों से न सिर्फ आम जनता में दहशत का माहौल है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली भी कठघरे में आ गई है. खास बात ये है कि दोनों ही मामलों में मृतकों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पहले ही पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी और नतीजा ये हुआ कि दो लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा. वहीं, देहरादून जिले में 14 दिन के भीतर 4 हत्याकांड हो चुके हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पहले ही अपने बेटे को जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, स्कूटी सवार दो हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
42 करोड़ से अधिक के लेनदेन का था विवाद
अर्जुन के स्वामित्व वाली अमरदीप गैस एजेंसी में काम करने वाले वीके कुमार ने बताया कि अर्जुन और विनोद उनियाल के बीच 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का मामला है। उन्होंने बताया कि अर्जुन विनोद पर लगातार रकम वापस करने का दबाव बना रहे थे। एक साल पहले विनोद ने अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदे थे। इस रकम के वापस न करने पर भी विवाद था।
अर्जुन ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसकी जान को खतरा है. इसको लेकर वो काफी परेशान भी था. ऐसे ही हालात खुद मेरे साथ भी है. कुछ लोग मुझे भी लगातार फोन पर धमकी दे रहे हैं.
राजीव यादव, अर्जुन के दोस्त
मैं उनके साथ 1991 से हूं. पहले अर्जुन और विनोद उनियाल के बीच सब कुछ सही था. दोनों के बीच साल 2008 तक बिजनेस भी था, लेकिन अचानक पैसे को लेकर बात खराब हो गई. इसको लेकर अर्जुन ने बसंत विहार थाने में शिकायत दी थी और पुलिस के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
विजय, अर्जुन के साथी
यदि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि यदि कोई फरियादी अपनी शिकायत लेकर आता है और उसकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो यह गंभीर लापरवाही मानी जाएगी.
राजीव स्वरूप, आईजी गढ़वाल
देहरादून जिले में 14 दिन के भीतर हुए 4 मर्डर-
29 जनवरी को विकासनगर के ढालीपुर में 18 साल की मनीषा तोमर की हत्या हुई.
31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में 32 साल की महिला प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या हुई.
2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में 23 साल की गुंजन श्रीवास्तव की गला रेतकर हत्या हुई.
11 फरवरी को देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास 40 साल के अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या हुई.



