पाक के टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के सपने पर श्रीलंका ने लगाई लंका, अब भारत का क्या होगा

स्पोर्ट्स डेस्क। श्रीलंका टी20 विश्व कप 2026 में सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने वाली सबसे पहली टीम थी, जबकि अब उसने पाकिस्तान का सपना चूकनाचूर कर दिया है। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (100) के शतक और फखर जमां के (84 रन) के अर्धशतक तथा दोनों के बीच किसी भी विकेट के लिए टी20 विश्व कप इतिहास में 176 रन की रिकॉर्ड भागीदारी से आठ विकेट पर 212 रन बनाए।
दासुन श्नाका और पवन रत्नायके ने पाकिस्तान का सपना तोड़ा
उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए किसी भी हाल में श्रीलंका को 147 रनों के अंदर रोकना था, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। श्रीलंकाई टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए, जिसमें कप्तान दासुन श्नाका ने नाबाद 76 रन और पवन रत्नायके ने 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेलीं। जैसे ही श्रीलंकाई टीम ने 147 का आंकड़ा पार किया पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। इस तरह से सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमें हैं।
भारतीय को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
भारतीय टीम को अगर सेमीफाइनल में पहुंचना है तो किसी भी हाल में वेस्टइंडीज को एक मार्च को होने वाले मुकाबले में हराना होगा। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस में होना है। इस तरह से सूर्या सेना को अगर खिताब जीतना है तो उसके लिए टूर्नामेंट नॉकआउट हो चुका है। अगर वह यहां से सभी मैच जीतेगी तभी खिताब बरकरार रह सकेगा। बता दें कि भारतीय टीम ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब अपने नाम किया था।
पाकिस्तान के बाहर होने के बाद टी20 विश्व कप दोनों सेमीफाइनल कहां होंगे?
पाकिस्तान के बाहर होने के बाद दोनों ही सेमीफाइनल भारतीय मैदान पर खेले जाएंगे। पाकिस्तान इसी शर्त पर टूर्नामेंट खेल रहा था कि उसके सभी मैच भारत से बाहर हों। अगर वह सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब होता तो एक सेमीफाइनल श्रीलंका में खेला जाता, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। पहला सेमीफाइनल कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। दूसरी ओर, दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले से निर्धारित है। भारतीय टीम अगर टॉप-4 में यानी सेमीफाइनल में पहुंचती है तो दूसरा सेमीफाइनल खेलेगी।
पाकिस्तान की पारी का हाइलाइट्स
साहिबजादा फरहान का शतक, फखर जमां की फिफ्टी, पाकिस्तान ने बनाए 212 रन
श्रीलंका ने टॉस जीता और इसके बाद उसके खिलाफ सारी चीजें गईं। उसने पिच और ओस फैक्टर को परखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पाकिस्तान ने बाबर आजम जैसे दिग्गज बल्लेबाज को बाहर करने का फैसला किया, सईम अयूब को भी ड्रॉप किया। तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा को भी बाहर का रास्ता दिखाया।
इसके बाद पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने जबरदस्त बैटिंग करते हुए पहले विकेट के लिए 15.5 ओवरों में 176 रन जोड़ डाले।
फखर 42 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के के दम पर 84 तो फरहान ने टूर्नामेंट दूसरा शतक ठोकते हुए 60 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 100 रन बनाए।
इसके बाद हालांकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुश्नाका ने 3 और दसुन श्नाका ने 2 विकेट झटके।
श्रीलंका की पारी का हाइलाइट्स
6 विकेट पर 207 रन बनाए, मैच हारा लेकिन पाकिस्तान को बर्बाद कर दिया
श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। उसने 8 रनों पर पहला विकेट गंवा दिया। कमिल मिशारा ने 15 गेंदों में 26 और चरिथ असलंका ने 25 रन ठोकते हुए श्रीलंका को थोड़ी राहत दी।
इसके बाद पवन ने 37 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए 58 रन खेले, जबकि कप्तान दसुन श्नाका ने 31 गेंदों में 2 चौके और 8 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 76 रन ठोक डाले।
अखिरी ओवर में शाहीन अफरीदी को 22 रन पड़े, जबकि 28 रन चाहिए थे। आखिरी गेंद पर श्नाका छक्का नहीं जड़ सके। इस तरह से श्रीलंका को 5 रनों से हार मिली। जीत के बावजूद पाकिस्तानी खिलाड़ी शर्म से झुके चेहरे के साथ मैदान से बाहर गए।



