टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहली बार आमने-सामने होंगे न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका

स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल बुधवार (4 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. जिसमें साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने सामने होंगी. ये टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार होगा जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में एक दूसरे का सामना करेंगी.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 4 मार्च को होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाना है. साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट की इकलौती टीम है, जो विश्व कप में अजेय रही है. टी20 फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है. क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की कुल 19 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 12 मुकाबलों में जीत प्रोटियाज टीम के हाथ लगी है. वहीं, न्यूजीलैंड ने सिर्फ 7 मैच जीते हैं.
साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल का रहा है. टीम ने टूर्नामेंट में अब तक खेले सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है. एडेन मार्करम की कप्तानी में साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है.
साउथ अफ्रीका की तरफ से बल्लेबाजी में एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं. मार्करम 7 मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 268 रन बना चुके हैं. वहीं, रयान रिकेल्टन भी लगातार बल्ले से अहम योगदान दे रहे हैं. रिकेल्टन 7 मैचों में 171 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 228 रन बना चुके हैं. क्विंटन डी कॉक ने भी पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को दमदार शुरुआत दी है.
गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी साउथ अफ्रीका की ओर से इस विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं. एनगिडी 6 मैचों में अब तक 12 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. वहीं, कॉर्बिन बॉश 11 विकेट निकाल चुके हैं.
ईडन गार्डेन्स में दोनों टीमों का प्रदर्शन
कोलकाता का ईडन गार्डेन्स स्टेडियम दोनों टीमों के लिए मुश्किल साबित हो सकता है, लेकिन इस स्टेडियम पर न्यूजीलैंड के पिछले अनुभव को देखते हुए कुछ बढ़त हासिल है. न्यूजीलैंड ने पहले इस जगह पर दो टी20 मैच खेले हैं. उन्होंने 2016 के बड़े इवेंट में बांग्लादेश को हराया था, लेकिन नवंबर 2021 में टी20 सीरीज के दौरान ब्लैककैप्स को भारत के हाथों 73 रन से हार का सामना करना पड़ा था.
वहीं साउथ अफ्रीका को इस ग्राउंड पर 20 ओवर का मैच खेलने का कोई अनुभव नहीं है, अक्टूबर 2015 में भारत के खिलाफ उनका एकमात्र मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. हालांकि, दोनों टीमों के खिलाड़ियों को इस जगह पर इंडियन प्रीमियर लीग मैच खेलने का काफी अनुभव है, जिससे आने वाला वर्ल्ड कप मुकाबला और भी दिलचस्प हो जाता है.
SA vs NZ दोनों टीमों का स्क्वाड
साउथ अफ्रीका: एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, मार्को जेनसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नोर्टजे, ट्रिस्टन स्टब्स, रयान रिकेल्टन.
न्यूजीलैंड: मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, काइल जैमीसन, कोल मैककॉन्ची.



