मसूरी के होटल सेवॉय में 14 मार्च को होगी क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी

मसूरी, 10 मार्च। क्रिकेटर कुलदीप यादव 14 मार्च को मसूरी के लाइब्रेरी बाजार स्थित होटल सेवॉय में वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे। टी20 विश्व कप से पहले कुलदीप ने वंशिका के साथ सगाई की थी। अब दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। शादी की रस्में 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में के साथ शुरू होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, होटल सेवॉय के 13 और 14 मार्च के लिए सभी रूम बुक किये गये हैं। 15 मार्च को वे वापस चले जाएंगे। वहीं, मेहमानों के लिए मसूरी स्थित होटल जेडब्ल्यू मैरियट में भी कमरे बुक हैं। शादी समारोह में ICC के चेयरमैन जय शाह, टीम इंडिया के टी20 कैप्टन सूर्य कुमार यादव सहित भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों के आने की संभावना है। बताया जा रहा है कि रिसेप्शन 17 मार्च को लखनऊ एक होटल में होगा। उसमें भी क्रिकेटर, राजनेता, बालीवुड और बीसीसीआइ से जुड़े लोग आ सकते हैं।
बचपन की दोस्त है वंशिका
कानपुर के श्याम नगर निवासी वंशिका एलआइसी में कार्यरत हैं। वंशिका और भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और लंबे समय से दोनों के बीच गहरी दोस्ती रही है। कुलदीप और वंशिका का घर कानपुर में एक दूसरे से मात्र 3 किमी की दूरी पर है। वंशिका ने स्कूली शिक्षा कानपुर के सेंट मेरी स्कूल से पूरी की। इसके बाद वो उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए आस्ट्रेलिया चली गयी।
समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई। हाल ही में दोनों ने परिवार की मौजूदगी में सगाई कर अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया। सगाई समारोह में क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें रिंकू सिंह भी मौजूद रहे।
रिसेप्शन लखनऊ में 17 मार्च को होगा
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्म में एक ग्रेंड रिसेप्शन रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीसीसीआई के अधिकारी तथा क्रिकेट और बालीवुड के जुड़ी तमाम हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। कुलदीप यादव ने 4 जून 2025 को लखनऊ में ही वंशिका से सगाई की थी। टी20 विश्व कप में व्यस्त होने के कारण उन्होंने शादी की तारीख को आगे बढ़ा दिया था।



