
कोटद्वार, 11 अप्रैल। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोटद्वार में लोगों को एक बड़ी सुविधा मिल गयी है. आज कोटद्वार में नया पासपोर्ट सेवा केंद्र (Passport Seva Kendra) विधिवत रूप से शुरू हो गया. इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.
कोटद्वार तहसील परिसर में सेवा केंद्र खुलने से क्षेत्रीय लोगों को राहत
पौड़ी जनपद के कोटद्वार में शनिवार का दिन क्षेत्रवासियों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब तहसील परिसर के भीतर स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, स्थानीय विधायक ऋतु खंडूरी और कोटद्वार मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया. यह पासपोर्ट सेवा केंद्र लंबे समय से क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता रहा है. पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को देहरादून या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था. जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी. अब इस केंद्र के शुरू होने से कोटद्वार सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया गया. जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए. जनसभा में वक्ताओं ने इस केंद्र के महत्व और इससे होने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की. कार्यक्रम के दौरान कुछ लाभार्थियों को नए पासपोर्ट भी वितरित किए गए, जो इसी केंद्र के माध्यम से बनाए गए थे. इससे लोगों में उत्साह और विश्वास देखने को मिला. केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा ने कहा केंद्र सरकार नागरिकों को बेहतर और सुलभ सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है. छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
गढ़वाल को मिला एक और पासपोर्ट ऑफिस का बड़ा तोहफा
आज गढ़वाल के द्वार कोटद्वार में माननीय केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री @PmargheritaBJP जी ने नए पासपोर्ट ऑफिस का शुभारंभ किया और साथ ही इस पासपोर्ट ऑफिस द्वारा जारी नए पासपोर्ट लोगों को सौंपे गए।
अनिल बलूनी, गढ़वाल सांसद
सांसद अनिल बलूनी ने कहा उनका प्रयास हमेशा से रहा है कि गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने कहा यह पासपोर्ट सेवा केंद्र युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा. खासकर उन लोगों के लिए जो विदेश में शिक्षा या रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं. स्थानीय विधायक ऋतु खंडूरी ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सांसद का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इससे न केवल युवाओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी.



