
कोटद्वार, 1 सितंबर, 26. उत्तराखंड के पौड़ी जिले में नदी के तेज बहाव से जुड़ी दो घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. जहां पैठाणी क्षेत्र में एक महिला के पश्चिम नयार नदी में बहने की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, तो वहीं कोटद्वार के स्नेह क्षेत्र में कोल्हू नदी पार करते समय डेढ़ साल की मासूम बच्ची और उसकी मां तेज बहाव की चपेट में आ गईं. इस हादसे में मां-बेटी दोनों की मौत हो गई.
पश्चिम नयार नदी में महिला के डूबने या बहने की आशंका
दरअसल, मंगलवार यानी 1 सितंबर को कानूनगो चाकीसैंण विजेंद्र सिंह गुसाईं ने पैठाणी पुलिस को एक सूचना दी. जिसमें उन्होंने बताया कि ग्राम पल्ली, बनास सरहद के अंतर्गत नागधार तोक क्षेत्र में रहने वाली 33 वर्षीय आशा देवी पत्नी दलवीर सिंह पश्चिम नयार नदी में डूबने या बहने की आशंका है.
महिला की तलाश में सर्च आपरेशन शुरू
बताया गया कि महिला ने हरे रंग के कपड़े पहने हैं. सूचना मिलते ही थाना पैठाणी से अपर उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह गुसाईं पुलिस बल और आपदा उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए. महिला की तलाश के लिए नदी किनारे सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई.
इसके साथ ही आसपास के थाना और चौकी क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया. पाबौ और सतपुली क्षेत्र की पुलिस को डीसीआर के माध्यम से अपने-अपने थाना क्षेत्र में नदी किनारे महिला की तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस और राहत टीमों की ओर से नदी के किनारे लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
कोटद्वार में कोल्हू नदी पार करते समय मां-बेटी बहे
वहीं, कोटद्वार के स्नेह क्षेत्र में कोल्हू नदी का तेज बहाव एक परिवार पर कहर बनकर टूटा. नदी पार करते समय डेढ़ साल की मासूम बच्ची अचानक अपनी मां की गोद से छूटकर तेज बहाव में बह गई. बेटी को बचाने के लिए मां ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण वो भी बह गई.
मौके पर मौजूद लोगों ने मां-बेटी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि दोनों को बचाया नहीं जा सका. सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और व्यापक स्तर पर रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन शुरू किया. काफी दूर तक तलाश करने के बाद टीम ने नदी से मां-बेटी के शव बरामद कर लिए.
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय जेनम पत्नी सदाम और उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी आफिया के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जेनम अपने परिवार के साथ कोटद्वार के सिगड्डी क्षेत्र के जंगल में रहती थीं. वो अपनी डेढ़ साल की बेटी आफिया के साथ मायके बिजनौर गई थीं. मायके से वापस लौटते समय स्नेह क्षेत्र की कोल्हू नदी पार करते वक्त यह दर्दनाक हादसा हो गया. मां और मासूम बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
एक ओर जहां पैठाणी में महिला की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ का अभियान जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कोटद्वार में मां-बेटी की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. लगातार बारिश के बीच पहाड़ी नदियों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों एवं आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है.



