कान्हा की नगरी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम; मंदिर से निकाली गई आकर्षक शोभायात्रा

मथुरा, 3 सितंबर, 26. भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में जन्माष्टमी की धूम मची है. कान्हा की नगरी मथुरा पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंग गयी है। श्रीकृष्ण मंदिर परिसर के गेट नं. 1 से एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गयी। नटखट कन्हैया के जन्मोत्सव से पहले बृजवासी खुशियां मना रहे हैं. वहीं, दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी ढोल-नगाड़े की धुन पर नाचते हुए मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं. शोभायात्रा का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने हरी झंडी दिखाकर किया।
गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण जन्म स्थान मंदिर परिसर से पर्यटन और सांस्कृतिक विभाग द्वारा शोभायात्रा निकाली गई. यात्रा का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने हरी झंडी दिखाकर किया.

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर चारों तरफ खुशियां बांटी जा रही हैं. ढोल-नगाड़े की धुन के साथ श्रद्धालु नाच रहे हैं.बैंड-बाजे और झांझ, मंजीरा बजाते हुए भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा निकाली गई. अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां पेश करते हुए शोभायात्रा निकाली.

500 से अधिक कलाकारों ने दी सुंदर प्रस्तुतियां
यह शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर के गेट नंबर 1 से रवाना हुई और पुतरा कुंड से गोविंद नगर गेट मसानी चौराहा डींग गेट होते हुए शोभायात्रा का समापन हुआ. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और पर्यटन विभाग द्वारा अनेक प्रांतो से 500 से अधिक कलाकार जन्माष्टमी उत्सव में अपनी राधा कृष्ण की लीलाएं मंचन और नाटक करने पहुंचे हैं.
शहर के पंडालों में कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते नजर आएंगे. शोभायात्रा में कई कलाकारों ने अपनी वेशभूषा में प्रस्तुति पेश की. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर देश-दुनिया से श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो चुका है. सुबह मंदिर परिसर के गेट नंबर एक पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतार देखने को मिली. हर कोई अपने आराध्य भगवान कृष्ण कन्हैया का जन्मोत्सव बनाने के लिए मथुरा पहुंच रहा है. मन में उमंग और भक्ति का माहौल है. मंदिरों में दर्शन किए जा रहे हैं. चारों तरफ उल्लास का माहौल है.
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



