पौड़ी के एकेश्वर ब्लाक में सतपाल महाराज ने श्रमिकों की समस्याएं सुन मौके पर निस्तारण के दिये निर्देश

एकेश्वर (पौड़ी), 6 सितंबर, 26. चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर के पणखेत स्थित ब्लॉक सभागार में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों के मौके पर ही निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
श्रमिक प्रदेश के विकास की मजबूत कड़ी: सतपाल महाराज
शिविर को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। निर्माण, सड़क, भवन, उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने परिश्रम और पसीने से प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनका सम्मान और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर नवीनीकरण जरूरी
महाराज ने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर नवीनीकरण जरूरी है। पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलती है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे समय पर अपना पंजीकरण और नवीनीकरण कराएं तथा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था को कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय सुविधाएं जनता के द्वार तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, बृजमोहन रावत, सुयश रावत, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ सौरभ हांडा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



