UKPSC ने डिप्टी कलेक्टर समेत 67 पदों पर मांगे आवेदन, 29 सितंबर तक ऑनलाइन भरे फार्म

देहरादून, 10 सितंबर, 26. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग UKPSC ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है. आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के तहत प्रदेश में विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती की जाएगी. इनमें डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद शामिल हैं. इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के जरिए 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक भर्ती में सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं.
UKPSC में इन पदों पर निकली भर्ती
डिप्टी कलेक्टर के 10 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा जिला कमांडेंट, होमगार्ड के 2 पद, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 पद, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 पद, सहायक आयुक्त राज्य कर के 1 पद और सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 के 1 पद शामिल हैं. इसी तरह कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद, विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी का 1 पद, श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव का 4 पद, श्रम विभाग में सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर के 2 पद और परिवहन विभाग में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं.
अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान निर्धारित
विज्ञापन में राज्य कर अधिकारी के 5 पद और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के 3 पद भी शामिल किए गए हैं. अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान भी निर्धारित हैं. अधिकांश उच्च पदों के लिए लेवल-10 के तहत 56,100 से 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित है, जबकि राज्य कर अधिकारी के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान है.
37 पद सामान्य वर्ग के लिए
कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य श्रेणी, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं. विज्ञापन में विभिन्न पदों के लिए उत्तराखंड महिला तथा क्षैतिज आरक्षण से संबंधित पदों का विवरण भी दिया गया है. आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन आवेदन करते समय आरक्षण से संबंधित अपनी श्रेणी अथवा उपश्रेणी का सही अंकन करें.आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें. आवेदन पत्र में शैक्षिक योग्यता समेत अन्य जरूरी विवरण सावधानी से भरने होंगे. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन करने का अवसर दिया जाएगा.
आवेदन शुल्क भी 29 सितंबर तक जमा करना होगा
UKPSC के मुताबिक परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करना होगा. इसके लिए नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई का इस्तेमाल किया जा सकेगा. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 29 सितंबर निर्धारित की गई है. आयोग ने साफ किया है कि इसके अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजा गया आवेदन या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा.विज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अभ्यर्थी आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें.
आवेदन प्रक्रिया में बदलाव की अनुमति नहीं
आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती होने पर निर्धारित अवधि के भीतर ही उसे ठीक करने का अवसर मिलेगा. अंतिम तिथि के बाद आवेदन प्रक्रिया में बदलाव की अनुमति नहीं होगी.आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भर्ती से जुड़ी शैक्षिक अर्हता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और अन्य शर्तों को अभ्यर्थी जारी विस्तृत विज्ञापन में देखकर ही आवेदन करें. PCS परीक्षा-2026 का विस्तृत विज्ञापन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है.



