उत्तरप्रदेशउत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

‘विवादों के साए में गिरधारी लाल साहू’, कभी मर्डर का आरोप, कभी अनर्गल बयानबाजी, अब पत्नी रेखा आर्या को सता रहा डर

देहरादून, 16 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिला की सोमेश्वर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल पर के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया है. गिरधारी लाल साहू पर इस तरह के आरोप पहली बार नहीं लगे हैं, बल्कि पहले भी साहू कई मामलों में विवादित रहे हैं.

पहले नए मामले के बारे में जानते हैं
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीती 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर लाइव आकर न सिर्फ अपनी बात रखी, बल्कि रोते हुए वीडियो में अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा जताया. मंत्री की ओर से गिरधारी लाल साहू की दो कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की गईं. उन ऑडियो क्लिप को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून पुलिस को भी दिया है. ऑडियो क्लिप में पैसों के लेनदेन, मुकदमों, कानूनी मदद, चुनाव और गोली मरवाने जैसी बातों का जिक्र होने का दावा किया गया है. इसी के बाद फिर से गिरधारी लाल साहू चर्चाओं में आ गए.

कौन हैं गिरधारी लाल साहू
गिरधारी लाल साहू मूल रूप से यूपी के बरेली जिले के रहने वाले हैं. उनका नाम बरेली के राजनीतिक और कारोबारी हलकों के साथ-साथ उत्तराखंड की राजनीति में भी चर्चा रहा है. गिरधारी लाल साहू साल 1990 में बरेली में सभासद भी रहे थे. उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से उनके विवाह के बाद उनकी पहचान राज्य के राजनीतिक गलियारों में भी अधिक चर्चा में आई. साहू की सार्वजनिक पहचान केवल उनके राजनीतिक संपर्कों या पारिवारिक रिश्ते तक सीमित नहीं रही, समय-समय पर उन पर लगे गंभीर आरोप, जमीन से जुड़े विवाद और अलग-अलग मामलों में हुई पुलिस कार्रवाई भी चर्चा में रही है. अब उनकी पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई नई एफआईआर ने एक बार फिर उनके जीवन और पुराने विवादों को सार्वजनिक कर दिया है.

हत्याकांड से लेकर जामीन से जुड़े मामले में सामने आया नाम
गिरधारी लाल साहू से जुड़ा सबसे चर्चित पुराना मामला बरेली के कारोबारी नरेश जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन की हत्या से जुड़ा है. 11 जून 1990 को बरेली में जैन दंपती की हत्या हुई थी. इस मामले में गिरधारी लाल साहू का नाम आरोपी के रूप में सामने आया था. अगस्त 2021 में इस हत्याकांड के सिलसिले में कोर्ट से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हुए थे. इस हत्याकांड में गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू सहित 11 लोगों पर आरोप तय हुए थे, जिसमे साहू भी शामिल है. अभी मामला कोर्ट में है.

जमीन से जुड़े विवादों में आया साहू का नाम
इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू का नाम जमीन के लेन-देन से जुड़े विवादों में भी सामने आ चुका है. साल 2016 में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में जमीन लेनदेन से संबंधित पांच एफआईआर दर्ज हुई थीं. इन मामलों में धोखाधड़ी और धमकी जैसे आरोप शामिल थे. इनमें से तीन एफआईआर नवंबर 2016 में समझौते के आधार पर निरस्त कर दी गई थीं. बाकी मामले अभी चल रही रहे हैं.

गिरधारी लाल साहू के बेटे और भतीजों पर लगे हैं गंभीर आरोप
गिरधारी लाल के परिवार से जुड़े कुछ विवाद भी समय-समय पर चर्चा में रहे हैं. जुलाई 2022 में उनकी पहली पत्नी से बेटे के खिलाफ भी एक सभा में भीड़ जुटाने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई थी. इसके बाद जनवरी 2023 में उनके दो भतीजों का नाम भी एक फायरिंग की घटना में सामने आए थे. फायरिंग की इस घटना में दो लोगों को छर्रे लगे थे, जबकि एक व्यक्ति के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया गया था. बाद में पुलिस ने मामला दर्ज किया था.

बिहार की लड़कियों को लेकर की विवादित टिप्पणी
अभी पिछले साल जनवरी 2025 में गिरधारी लाल साहू का नाम बिहार की लड़कियों को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के कारण भी सुर्खियों में आया था. उन्होंने मंच से कहा था कि बिहार में शादी के लिए 20 से 25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं. इस टिप्पणी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गिरधारी लाल साहू की आलोचना हुई थी. बिहार की महिलाओं और लड़कियों के संदर्भ में ऐसी बात कहे जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ और मामला उत्तराखंड से लेकर बिहार तक खूब चर्चा में रहा. विवाद बढ़ा तो गिरधारी लाल साहू ने अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए वीडियो जारी कर मांफी भी मांगी थी.

अब पत्नी रेखा आर्या की शिकायत से बढ़ा विवाद
ताजा घटनाक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून में एफआईआर दर्ज कराई है. शिकायत में धोखाधड़ी, साजिश, धमकी, मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल जैसे आरोप लगाए गए हैं. रेखा आर्या ने वीडियो साझा कर अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने दो कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की है. हालांकि, उन वीडियो को लेकर गिरधारी लाल की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. गिरधारी ने भी एक वीडियोे जारी करते हुए आर्या द्वारा शेयर दोनों वीडियो को AI जनरेटेड बताया है, और उल्टा मंत्री आर्या पर ही पलटवार करते हुए शिकायत वापस लेने को कहा है.

Related Articles

Back to top button