
धुमाकोट, 26 अक्टूबर, 26. धुमाकोट क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर जड़ाऊखांद के पास एक मारुति ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी. हादसे में वाहन सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि, चालक समेत दो अन्य लोग घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलने पर धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
जड़ाऊखांद के पास मारुति ईको वैन हादसे का शिकार
पुलिस के मताबिक, यह हादसा 26 अक्टूबर की देर शाम धुमाकोट तहसील मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर जड़ाऊखांद के पास हुआ. जहां मारुति ईको वैन अदालीखाल से धुमाकोट की ओर आ रही थी. इसी दौरान जड़ाऊखांद से करीब 400 मीटर पहले वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से लगभग 15 फीट नीचे जा गिरा. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया रेस्क्यू अभियान
आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) धुमाकोट ले जाया गया.
हादसे में हीरा सिंह की मौत, दो लोग घायल
वहीं, डॉक्टरों ने उपचार के दौरान हीरा सिंह पुत्र जगत सिंह (उम्र 43 वर्ष) निवासी ग्राम देवलाड, धुमाकोट (पौड़ी) को मृत घोषित कर दिया. जबकि, हादसे में वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू पुत्र पान सिंह रावत (उम्र 38 वर्ष) और पंकज पुत्र महिपाल सिंह (उम्र 19 वर्ष) घायल हो गए. दोनों घायल भी ग्राम देवलाड, धुमाकोट के निवासी हैं. दोनों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में कराया जा रहा है.
हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल अवस्था में अस्पताल लाए गए थे. जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नैनीडांडा भेजा जा रहा है. पुलिस की ओर से पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
– सुनील पंवार, थानाध्यक्ष, धुमाकोट



