गैरसैंण में आज सरकार पेश करेगी 7 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, धारा 163 लागू

देहरादून, 26 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में सरकार का अंतिम सत्र मंगलवार से शुरू होगा। कार्यमंत्रणा की बैठक में तय एजेंडे के अनुसार पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी व पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी।
चुनावी वर्ष में सरकार का अंतिम बजट सत्र
मुख्यमंत्री धामी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सत्र कराने को प्राथमिकता दी है। इससे पहले फरवरी माह में बजट सत्र भी गैरसैंण में हुआ था और सबसे अधिक समय तक चलने का रिकॉर्ड बनाया था। चुनावी वर्ष में अंतिम सत्र भी धामी सरकार ने गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया है। हालांकि इस बार सत्र की अवधि दो दिन तय की गई है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है है। सरकार के साथ ही विपक्ष भी गैरसैंण पहुंच चुका है। सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसमें पक्ष व विपक्ष के सदस्य अपने स्मरण साझा कर उन्हें याद करेंगे।
भोजनावकाश के बाद सरकार की ओर से सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। पहले दिन प्रश्नकाल न होने से सदन में हंगामे के आसार कम हैं। लेकिन विपक्ष ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महंगाई व अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सरकार को सड़क से सदन तक घेरने की रणनीति बनाई है।
आठ विधेयक भी पेश करेगी सरकार
दो दिवसीय सत्र में सरकार की ओर से आठ विधेयक सदन पटल पर रखे जाएंगे। इसमें समान नागरिक संहिता, उत्तराखंड जनविश्वास अधिनियम संशोधन विधेयक, उत्तराखंड माल एवं सेवा कर अधिनियम विधेयक सहित अन्य विधेयकों के साथ विभागों व बार्डों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट पेश की जाएगी।
भराड़ीसैंण में धारा 163 लागू
गैरसैंण में विधानसभा सत्र को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. जिसके तहत भराड़ीसैंण क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दिया गया है. इस दौरान नारेबाजी, प्रदर्शनों के मद्देनजर शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं. अगर कोई इसका उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
विधानसभा सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी है। मंगलवार को सुबह 11 बजे सत्र शुरू होगा। कार्यमंत्रणा की बैठक में तय एजेंड के आधार पर सदन संचालित होगा। विधायकों को अपनी बात व क्षेत्र के मुद्दों पर चर्चा करने का पूरा मौका दिया जाएगा। सरकार की ओर से विपक्ष के सवालों का जवाब देगी।
-ऋतु खंडूड़ी भूषण, विधानसभा अध्यक्ष



