पौड़ी जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 126 केंद्र निर्धारित, 11,557 (व्यक्तिगत/संस्थागत) परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

पौड़ी, 27 अक्टूबर, 26. जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2027 के सुचारु संचालन के लिए कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर संस्थागत एवं व्यक्तिगत श्रेणी के कुल 11,557 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। विद्यार्थियों की सुविधा और जनपद की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए 15 केंद्र निर्धारित
परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, विद्यार्थियों की सुविधा और केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित 126 परीक्षा केंद्रों में 125 मिश्रित केंद्र हैं, जबकि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीधार में एक एकल केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी विकासखंडों में कुल 15 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस वर्ष राजकीय इंटर कॉलेज चमाड़ा को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को प्राथमिकता दी जाए। जिन विद्यालयों से परीक्षा केंद्र की पैदल दूरी अधिक है, वहां संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समन्वय कर स्थिति की समीक्षा की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
33 परीक्षा केंद्रों पर 60 से कम परीक्षार्थी
बैठक में बताया गया कि जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 60 से कम है अथवा वहां की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे केंद्रों को परीक्षा संबंधी मानकों में छूट देते हुए स्व-केंद्र की अनुमति दी गई है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना को निर्देश दिए कि अन्य विद्यालयों में भी दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन पहुंच या कम छात्र संख्या के कारण स्व-केंद्र की आवश्यकता होने पर औचित्यपूर्ण रिपोर्ट के साथ प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाओं का संचालन सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श, राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर के प्रधानाचार्य वी.पी. डोभाल, राजकीय इंटर कॉलेज कोट के प्रधानाचार्य प्रदीप चंद्र नैथानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



