उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरराजनीतिशिक्षासामाजिक

16 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों बेरोजगारों का सचिवालय कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका

देहरादून, 30 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले आज सैकड़ों बेरोजगारों ने सचिवालय कूच किया. बेरोजगारों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से मार्च निकाला, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इस दौरान आगे बढ़ने को लेकर युवाओं की पुलिस के साथ जमकर धक्का मुक्की हुई.

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल का कहना है कि पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, बंदी रक्षक, सचिवालय रक्षक, आबकारी, सिपाही समेत सभी वर्दीधारी पदों पर सरकार को तत्काल विज्ञप्ति जारी करनी चाहिए. विभिन्न विभागों में भर्तियां निकालने की मांग को लेकर आज युवा सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहा है. इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर बेरोजगार संघ ने रैली निकाली थी, लेकिन अब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हो पाया है.

उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों से यहां आकर लोग फर्जी डिग्रियां बना रहे हैं. उनका सिलेक्शन यहां हो रहा है, लेकिन यहां का युवा सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते डाकिया का परिणाम आया, लेकिन इन भर्तियों में अन्य राज्य के निवासियों का सिलेक्शन हुआ है. अगर यह भर्तियां केंद्र करवाता है, तो फिर उत्तराखंड में सबसे ज्यादा सिलेक्शन अन्य राज्य के लोगों के क्यों हो रहे हैं? यह अपने आप में बड़ा प्रश्न है.

UKPSC एवं UKSSSC में लंबित परीक्षा परिणाम जल्द हो जारी


राम कंडवाल ने ये भी आरोप लगाया कि पिछले 3 सालों में उत्तराखंड में डाकिया के ज्यादातर पदों पर बाहरी राज्यों के व्यक्तियों को रखा गया है. उन्होंने मांग उठाई की वन दरोगा भर्ती विज्ञप्ति, सहायक अध्यापक और प्रवक्ता की नई विज्ञप्ति, प्राथमिक शिक्षक भर्ती की विज्ञप्ति जारी की जाए. इसके साथ यूकेपीएससी और यूकेएसएसएससी में लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल जारी किए जाएं.

प्रदर्शन के बाद बेरोजगार संघ के प्रतिनिधि मंडल ने सचिव कार्मिक और सतर्कता उत्तराखंड शासन से मुलाकात की, जिस पर सचिव कार्मिक और सतर्कता एवं अपर सचिव कार्मिक नवनीत पांडे ने युवाओं को लिखित आश्वासन भी दिया. इसके बाद युवाओं ने फिलहाल के लिए अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है.

Related Articles

Back to top button