सचिन तेंदुलकर ने MCA म्यूजियम को भेंट किए अपने 26 बैट, 16 नवंबर को होगा अनावरण video

मुंबई, 11 नवम्बर, 26. महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के ‘MCA शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम’ में प्रदर्शन के लिए 26 बैट और अपनी अन्य कीमती यादगार चीजें गिफ्ट की हैं. जिसका अनावरण 16 नवंबर, 2026 को एक विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा. इस तारीख को 13 साल पहले सचिन ने अपने घरेलू मैदान, वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 200वां टेस्ट मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था.
Sachin Tendulkar at the MCA Sharad Pawar Cricket Museum.
He was received by MCA President Ajinkya Naik, Secretary Prof. Dr. Unmesh Khanvilkar, Jt. Secretary Nilesh Bhosle and Treasurer Arman Mallick, who accompanied him through the tour.#MCA #Cricket #MCAMuseum #Wankhede pic.twitter.com/MtrLtfauTQ
— Mumbai Cricket Association (MCA) (@MumbaiCricAssoc) September 30, 2026
यादगार बैट प्रदर्शनी में होंगे शामिल
सचिन के गिफ्ट किए गए बल्लों में वो बैट भी शामिल हैं, जिनकी मदद से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक बनाए थे. बैटों की इस कलेक्शन को ‘बैटोग्राफी’ (Batography) नाम के एक खास सेक्शन में रखा जाएगा, जिसका अनावरण 16 नवंबर को किया जाएगा. यह प्रदर्शनी ‘मास्टर ब्लास्टर’ के शानदार सफर को उन बल्लों के जरिए दिखाएगी, जो उनके करियर के कुछ सबसे अहम पलों में उनके साथ थे. इसमें तेंदुलकर के 26 बैट के अलावा उनके शानदार करियर से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण यादगार वस्तुएं भी देखने को मिलेंगी. जिनमें हेलमेट, जर्सी और कुछ नोट्स आदि शामिल हैं. यह प्रदर्शनी दर्शकों को उन ऐतिहासिक उपलब्धियों के पीछे के इतिहास को करीब से जानने का एक दुर्लभ अवसर देगी.
MCA अध्यक्ष ने क्या कहा?
इस प्रदर्शनी के बारे में बात करते हुए, MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, ‘भारतीय और विश्व क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर का योगदान उनके द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड्स से कहीं बढ़कर है. उनका सफर लाखों क्रिकेट प्रशंसकों की यादों में बसा हुआ है, और ये बल्ले उस सफर की सबसे निजी निशानियों में से हैं. ‘बैटोग्राफी’ के जरिए हम MCA म्यूजियम में एक नया आयाम जोड़ रहे हैं. इससे दर्शक उन मील के पत्थरों के पीछे की कहानी को उन्हीं उपकरणों के जरिए महसूस कर सकेंगे, जिनसे वे हासिल किए गए थे. हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि सचिन ने अपनी इन कीमती चीजों को MCA के साथ साझा करने का फैसला किया है. इससे यह सुनिश्चित होगा कि उनकी यह असाधारण विरासत आने वाली पीढ़ियों के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी उपलब्ध रहे.’
इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारतीय और विश्व क्रिकेट में तेंदुलकर के अतुलनीय योगदान को सहेजना, सम्मान देना और उनकी क्रिकेट विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है.



