उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

PMO ने उत्तराखंड सरकार से मांगी बदरी-केदार पुनर्निर्माण कार्यों की रिपोर्ट, 20 नवम्बर तक का दिया समय

देहरादून, 11 नवम्बर, 26. बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय ने उत्तराखंड सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. सरकार को 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों की पूरी जानकारी पीएमओ को भेजनी है. इसके लिए पर्यटन सचिव ने संबंधित अधिकारियों से एक्शन टेकन रिपोर्ट तलब की है. अधिकारियों को 17 नवंबर तक दोनों धामों में हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की डेडलाइन दी गई है.

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण और विकास कार्यों की अब तक की प्रगति का पूरा ब्यौरा प्रधानमंत्री कार्यालय ने उत्तराखंड सरकार से मांगा है. खास बात ये है कि सरकार को केवल निर्माण कार्यों की जानकारी ही नहीं देनी है, बल्कि अब तक कितना काम पूरा हुआ, कौन-कौन सी परियोजनाएं आगे बढ़ी हैं और उनकी प्रगति की रफ्तार क्या रही है? इसका भी पूरा हिसाब देना होगा. इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय ने 20 नवंबर तक की समयसीमा तय की है.

केदारनाथ और बदरीनाथ में पुनर्निर्माण कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट्स में शामिल रहे हैं. प्रधानमंत्री खुद कई बार इन दोनों धामों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर चुके हैं. इन परियोजनाओं के जरिए दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया गया है. ऐसे में अब पीएमओ की ओर से पूरी रिपोर्ट मांगे जाने को इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है.

दरअसल, पिछले कुछ सालों में दोनों धामों में बड़े स्तर पर निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े काम किए गए हैं. इन परियोजनाओं में अलग-अलग विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की भूमिका रही है. ऐसे में पीएमओ को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में हर काम की स्थिति और उसकी मौजूदा प्रगति का विवरण खास होगा. इससे ये भी स्पष्ट होगा कि जिन परियोजनाओं को लेकर योजनाएं बनाई गई थीं, उनमें से कितनी धरातल पर पूरी हो चुकी हैं और कितने काम अभी निर्माणाधीन हैं?

पर्यटन सचिव ने संबंधित अधिकारियों से मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट
इस मामले में उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने संबंधित अधिकारियों से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है. अधिकारियों को 17 नवंबर तक केदारनाथ और बदरीनाथ में हुए कामों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इसके बाद सभी सूचनाओं को जुटा कर 20 नवंबर तक प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा.

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के मुताबिक, सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है. रिपोर्ट मिलते ही इसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिया जाएगा. अब इस रिपोर्ट के जरिए दोनों धामों में पुनर्निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति, पूरे हो चुके काम और निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति का पूरा आकलन पीएमओ के सामने होगा.

Related Articles

Back to top button