
भोपाल। चार बच्चों की मां जो अब तक 15 शादियां कर चुकी हैं, जिसे लोग रिया, पूजा, सीमा खान और न जाने कितने नामों से जानते हैं। शादी के आठ दिन बाद ही नगदी जेवर लेकर फरार हो जाती थी।
मध्यप्रदेश की भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसी ही लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। वह कभी रिया, कभी पूजा तो कभी सीमाबनकर शादियां करती थीं। उसकी गिरफ्तारी के बाद जो खुलासे हुए हैं, वह चौंकाने वाले हैं। उसका असली नाम सीमा बताया जा रहा है। वह चार बच्चों की मां है और कम से कम 15 लोगों के साथ शादी करके उन्हें चूना लगा चुकी है।
दो साल से थी फरार
पुलिस ने बताया कि सीमा पिछले दो साल से फरार थी। दो पहले उसने एक युवक से 85 हजार रुपये लेकर शादी की थी और दस दिन में ही बहाना बनाकर घर लौट आई थी। पुलिस लुटेरी गैंग के आठ सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। यह महिला ठग अपना हुलिया बदलकर भोपाल में रह रही थी।
लाकडाउन के समय खूब उठाया फायदा
सीमा खान ने अपने साथियों के साथ लाकडाउन का लाभ उठाया। नियमों की आड़ में कम लोगों की मौजूदगी में शादियां की जा रही थीं। गवाही की जरूरत भी नहीं पड़ती थी। ये गिरोह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें लड़की नहीं मिलती।
लुटेरी दुल्हन गिरोह पर मात्र 12 केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि रिया उर्फ पूजा उर्फ सीमा खान खुद 15 शादियां कर चुकी हैं। उसके खिलाफ ससुराल से जेवर और नगदी लेकर भागने के केस दर्ज हैं। यह गिरोह 25 से ज्यादा वारदतों को अंजाम दे चुका है। खास यह है कि इसपर सिर्फ 12 मामलों में ही केस दर्ज हुआ है। बाकी लोग तो बदनामी के डर से पुलिस के पास फटकते ही नहीं।