क्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिक

पहलवानों और कुश्ती संघ अध्यक्ष के बीच दंगल जारी, जंतर-मंतर बना अखाड़ा

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी पहलवानों के धरने में 3 और 4 मई की आधी रात हंगामा हो गया। पहलवानों ने मारपीट का भी आरोप लगाया है। एक पहलवान के चोटिल होने की भी खबर है। घटना के बाद दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल, दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक कुलदीप समेत कई नेता जंतर मंतर पहुंचे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दरअसल, हंगामे की शुरुआत तब हुई जब पहलवानों के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने में सोमनाथ भारती फोल्डिंग बेड लेकर पहुंचे। सोमनाथ भारती ने इसके लिए अनुमति नहीं ली थी। पुलिसकर्मियों की ओर से रोके जाने के बाद वहां मौजूद सोमनाथ भारती के समर्थक उत्तेजित हो गए। इस दौरान पुलिस और सोमनाथ भारती के समर्थकों, पहलवानों में तीखी नोक-झोंक हुई। दिल्ली पुलिस ने दो अन्य लोगों के साथ सोमनाथ भारती को हिरासत में ले लिया है।

विनेश ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
महिला पहलवान विनेश फोगाट ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र लिखकर पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। विनेश ने पुलिस कमिश्नर से की गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वरिष्ठ एसीपी धर्मेंद्र ने धरना दे रहे पहलवानों को जंतर-मंतर खाली करने के लिए भी धमकाया। विनेश ने वरिष्ठ एसीपी धर्मेंद्र पर खुद को भद्दी-भद्दी गालियां देने का भी आरोप लगाया है और पुलिस कमिश्नर से सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बजरंग पूनिया ने गृह मंत्री को लिखा पत्र
वहीं, बजरंग पूनिया ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। बजरंग पूनिया ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर चार मांगें उनके सामने रखी हैं। बजरंग पूनिया ने गृह मंत्री से पहलवानों पर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने, वाटरप्रूफ टेंट लगाने की अनुमति देने की मांग की है।

जंतर-मंतर पहुंचीं स्वाति मालीवाल हिरासत में
पहलवानों के प्रदर्शन के दौरान आधी रात हुए हंगामे के बाद दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर ऐलान किया कि मैं जंतर-मंतर पहुंच रही हूं, लेकिन स्वाति मालीवाल को दिल्ली पुलिस ने धरना स्थल से पहले ही रोक लिया। दिल्ली पुलिस ने स्वाति मालीवाल को हिरासत में ले लिया है। https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button