
देहरादून। कोरोनेशन जिला अस्पताल के शौचालय में फ्लश टैंक में नवजात का शव मिलने से अस्पताल प्रशासन के पसीने छूट गये। बताया जा रहा है कि शव चार दिन पुराना हो सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। शव को शिनाख्त के लिए शव गृह में रख दिया गया है।
गर्भवती महिलाओं का खंगाला जा रहा रिकार्ड
डालनवाला कोतवाली के अनुसार कुछ दिन पहले हुई गर्भवती महिलाओं का रिकार्ड चेक किया जा रहा है। पता चला है कि हाल ही में एक गर्भस्थ शिशु की मौत हुई थी, शायद यह वही नवजात हो सकता है। संबंधित महिला के परजनों से बात की जा रही है। प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा. शिखा जंगपांगी ने बताया कि पुलिस को इस बारे में जरूरी जानकारी से अवगत करा दिया गया है। अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती हुई गर्भवती और डिलीवरी के महिलाओं की जानकारी पुलिस को सौंप दी गयी है।
बदबू आने पर खुला मामला
जानकारी केअ नुसार शुक्रवार को अस्पताल के कर्मचारियों को बदबू आई तो किसी गड़बड़ी की आशका पर उन्होंने शौचालय का निरीक्षण किया। उन्हें वहां शौचालय के फ्ल्श टैंक में एक नवजात का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शव तीन-चार दिन पुराना लग रहा है।
सीसीटीवी फुटेज चेक किये जा रहे
कोरोनेशन अस्पताल के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकाली जा रही है। चिकित्साधीक्षक का कहना था कि जरूरत पड़ने पर शव का पोस्टमार्टम भी कराया जा सकता है। सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जा रही है। डिलीवरी का रिकार्ड विस्तार से टटोला जा रहा है।