Uncategorizedउत्तराखंडबड़ी खबरस्वास्थ्य

नर्सों के रिक्त पदों पर वर्षवार होगी भर्ती

देहरादून। राज्य के सभी राजकीय मेडिकल कालेजों में एमआरआई एवं सिटी स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग में रिक्त नर्सों के लगभग 2600 पदों को वर्षवार मेरिट के आधार पर भरा जाएगा। राज्य के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत विभिन्न श्रेणी के संविदा एवं आउटसोर्स कार्मिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कैम्प कार्यालय में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में डॉ. रावत ने राज्य के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में एमआरआई मशीनें एवं जिला अस्पतालों में आवश्यकतानुसार सिटी स्कैन मशीनें स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिसमें राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, अल्मोड़ा, हल्द्वानी तथा रुद्रपुर में एमआरआई मशीन एवं जिला अस्पताल चंपावत, उप जिला अस्पताल रानीखेत व ऋषिकेश में सिटी स्कैन मशीनें स्थापित की जाएगी।

डॉ. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नर्सों के लगभग 2600 रिक्त पदों को वर्षवार मेरिट के आधार पर भरने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने राज्य के मेडिकल कॉलेज में कार्यरत विभिन्न श्रेणी के संविदा एवं आउटसोर्स कार्मिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान की कार्रवाई करने को कहा।

Related Articles

Back to top button