
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में गंगोत्री राजमार्ग पर हर्षिल के पास हुए सड़क हादसे में ब्रिगेडियर आशीष आहूजा की पत्नी की भी मौत हो गई है। बीते बृहस्पतिवार शाम को हुए हादसे में बिग्रेडियर के पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि उनकी पत्नी को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां देर रात उन्होंने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि ये दुर्घटना हर्षिल के पास बर्फ में कार फिसलकर अनियंत्रित होने से हुई है। कार को ब्रिगेडियर का बेटा चला रहा था। आर्मी की संयुक्त टीम ने खोज बचाव अभियान चलाया, जिसमें चारों घायलों को निकाला गया। घटनास्थल पर अंधेरा होने के कारण खोजबीन में आर्मी की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गत बृहस्पतिवार शाम को सेना का एक वाहन हर्षिल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से 40, 50 मीटर नीचे जाकर एक पेड़ पर अटक गया था। वाहन में चार लोग सवार थे। जिसमें ब्रिगेडियर आशीष आहूजा व उनकी पत्नी वंदना आहूजा तथा डा. अनीता आहूजा सभी निवासी चकराता देहरादून घायल हो गए थे।
बिग्रेडियर के पुत्र आर्यन आहूजा की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई थी। जबकि सभी घायलों को हर्षिल के सैन्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया था। शुक्रवार सुबह बिग्रेडियर सहित एक अन्य घायल को हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान ब्रिगेडियर का बेटा आर्यन ही वाहन चला रहा था। बर्फ में वाहन के रपटने से दुर्घटना हुई।