दूल्हे की मौत के बाद भी दुल्हन के घर बजी शहनाई

मैनपुरी। दूल्हे की मौत के बाद भी दुल्हन के घर शादी के उसी मुहूर्त पर शहनाई बज उठी। यूपी के जिला मैनपुरी के घिरोर कस्बा अंतर्गत गांव नगला मान में जिस घर से बारात निकलनी थी, उसी घर से अर्थी उठी तो सभी की आंखों में आंसूं थे, वहीं दुल्हन पक्ष के सामने भी बड़ा धर्मसंकट आ गया था। दुल्हन के हाथों में मेंहदी सजी थी, मंगलगान के साथ रस्में पूरी की जा रही थीं, तभी दूल्हे की मौत की खबर आई। खबर मिलते ही हाथ में सजी मेंहदी आंसुओं में धुल गयी।
बता दें कि घिरोर के नगलामान के प्रमोद यादव के 22 वर्षीय बेटे अनुराग की बारात की जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। अचानक एक हादसे ने पूरे घर का माहौल बदल दिया। दूल्हे को करंट लगने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर की सारी खुशियां चीख-पुकार में तब्दील हो गयी। परिजन जब बेटे का शव लेकर घर पहुंचे को पिता प्रमोद होश खो बैठे। जिस बेटे को घोड़ी पर बिठाना था, अब उसकी अर्थी को कंधा देना था।
उधर, दूल्हे की मौत की खबर से दुल्हन के घर में मातम छाया था। बेटी पर शादी से पहले कोई कलंक न लग जाए, बस सभी को इसी बात का डर संता रहा था। दुल्हन के घरवालों ने फिर भी हार नहीं मानी। उन्होंने दूसरे वर की तलाश शुरू की। कुछ देर बात घिरोर गांव का रहने वाला एक परिवार लड़की से बेटे की शादी कराने को तैयार हो गया। जिसके बाद युवती के घर तय शुभ मुहूर्त में शादी की शहनाई फिर गूंज उठी। रात में शादी की सारी रस्में विधिविधान से पूरी कराई गयीं और इस तरह विवाह संपन्न हो गया। सुबह होते ही दुल्हन को उसकी ससुराल के लिए विदा कर दिया गया।