कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर कार के ऊपर पत्थर गिरने से दंपत्ति की मौत

देहरादून। कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर कार के ऊपर बोल्डर गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और उसमें सवार कुलसारी के मैट्टा गांव निवासी बलवीर सिंह (45) और उनकी पत्नी सावित्री देवी (40) की मौके पर ही मौत हो गयी।
कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगोली के पास पहाड़ से चट्टान टूटकर गिरने से कार में सवार दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार के ऊपर से जेसीबी की मदद से चट्टान हटाकर दंपत्ति के शव को बाहर निकाला। घटना से पूरे पिंडरघाटी में शोक की लहर छा गयी। थराली विधायक भूपालराम टम्पा और कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार चट्टान भारी होने के कारण मौके पर जेसीबी बुलाई गई और स्थानीय लोगों की मदद से कार में गिरे बोल्डर को हटाया गया। उसके बाद शवों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भिजवाया गया। मृतक दंपत्ति देहरादून से अपने घर कुलसारी मैट्टा आ रहे थे। मृतक बलवीर सिंह की गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है, जबकि उनकी पत्नी सावित्री देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। दोनों देहरादून अपने बच्चों के पास गये थे।