
शिमला। आज रात को चंद्रमा धरती के सबसे नजदीक होगा। ये खूबसूरत नजारा आज 12 बजकर 08 मिनट पर दिखाई देगा। यह नजारा अपने आप में अद्भुत होगा। ऐसा ही नजारा लगातार तीन दिनों तक देखा जा सकता है। यह एक खगोलीय घटना है, जिसके दौरान चंद्रमा पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है। आमतौर पर सुपरमून और पूर्णिमा एक साथ नहीं आते हैं। ऐसा संयोग वर्षों बाद बनता है। इसके बाद अगला सबसे बड़ा सुपर मून 3 जुलाई 2023 में दिखाई देगा।
पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी आज सबसे कम
यदि मौसम साफ रहा तो आज रात को 12 बजकर 08 मिनट पर चंद्रमा सबसे अधिक चमकीला और काफी बड़ा भी दिखाई देगा। वैज्ञानिक भाषा में इसे ऐसा समझा जा सकता है कि आज चंद्रमा और पृथ्वी के बीच की दूरी सबसे कम रहेगी। इसलिए इस सुपरमून को वैज्ञानिकों ने बक मून नाम भी दिया है। सुपरमून के दौरान चंद्रमा की दूरी धरती से सिर्फ 3,57,364 किमी रहेगी। वैसे चंद्रमा और पृथ्वी के बीच दूरी 3,84,400 किमी. है।
आज सुपरमून के साथ गुरु पूर्णिमा भी है और पूर्णिमा पर चंद्रमा की पूजा का हमारे शास्त्रों में विशेष महत्व बताया गया है। शास्त्रों में यह उल्लेख है कि इस दिन चांद से निकलने वाली किरणें अमृत के समान होती हैं। बहुत से लोग अपनी कुंडली के चंद्रदोष को दूर करने के लिए इस दिन विधि विधान से चंद्रमा की पूजा-अर्चना भी करते हैं।