विनेश फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीन गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय

विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया है। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत अब तक 40 पदक जीत चुका है। आज कुश्ती में रवि दहिया, नवीन और विनेश फोगाट ने स्वर्ण जीता। इसके अलावा भाविना को पैरा टेबल टेनिस में स्वर्ण मिला। भारत 13 स्वर्ण, 11 रजत और 16 कांस्य पदकों के साथ आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और कनाडा के बाद पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
भारत के पदक विजेता
13 स्वर्ण:- मीराबाई चानू, जेरेमी लारिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लान बाल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिप्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहया, विनेश फोगाट, नवीन, भानिवा (पैरा टेबल टेनिस)।
11 रजत:- संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, अविनाश साबले, पुरुष लान बाल टीम।
16 कांस्य:- गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजसस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मि, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा और रोहित टोकस।
अनुभवी पहलवान विनेश फोगाट ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक लगाई। विनेश ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण अपने और देश के नाम किया। उन्होंने फ्रीस्टाइल 53 किलो में श्रीलंका की चामोडया केशानी को हराया। विनेश ने यह मैच 4-0 से अपने नाम किया। उन्होंने 2014 ग्लास्गो में 48 किलो, 2018 गोल्ड कोस्ट में 50 किलो और 2022 में 53 किलो में स्वर्ण जीता।
‘राष्ट्रमंडल खेलों में तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतने वाली विनेश फोगाट ने कहा, इस पदक के लिए मैंने कितनी मेहनत की है यह सिर्फ मुझे ही पता है।’ विनेश फोगाट
पुरुष हाकी टीम फाइनल में
भारतीय पुरुष हाकी टीम ने फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 3-2 से हराकर देश के लिए कम से कम रजत को पक्का कर लिया है।
नवीन ने पाकिस्तानी पहलवान को पटका
नवीन ने 74 किलो वर्ग कुश्ती में पाकिस्तान के मुहम्मद शरीफ ताहिर को 9-0 से पटखनी दी। नवीन ने शुरू से ही मैच में पकड़ बना ली थी जो अंत तक जारी रही।