
थराली (चमोली)। पंजाब के बठिंडा में 20 गढ़वाल राइफल्स का 25 वर्षीय जवान सूरज सिंह बिष्ट शहीद हो गये हैं। मिली जानकारी के अनुसार चमोली जिले के नारायणबगड़ के कंसोला गांव निवासी सूरज सिंह बिष्ट इस समय पंजाब के बठिंडा में स्पेशल कमांडो की ट्रेनिंग के लिए गये थे। जहां शुक्रवार को कमांडों के ट्रेनिंग के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया। जवान सूरज सिंह के शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक छा गया है। हालांकि अधिकारियों ने मौत किस वजह से हुई, इस बात की जानकारी नहीं दी है।
पिता असम राइफल्स में सूबेदार के पद पर हैं तैनात
नारायणबगड़ प्रखंड के कंसोला गांव निवासी सूरज सिंह बिष्ट तीन साल पहले ही गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुआ था। ग्राम प्रधान कमला देवी, लक्ष्मण सिंह, बिक्रम सिंह और बलबीर सिंह ने बताया कि शहीद सूरज सिंह बिष्ट के पिता करण सिंह बिष्ट वर्तमान में सूबेदार के पद पर असम राइफल्स में तैनात हैं। वे इस समय में असम के तेजपुर में तैनात हैं। सूरज सिंह बिष्ट तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। सूरज का बड़ा भाई पंकज सिंह भी सेना की मेडिकल कोर जम्मू कश्मीर में तैनात है, जबकि छोटा भाई निजी कंपनी में काम करता है। बठिंडा से जवान का पार्थिव आज घर लाया जा रहा है। https://sarthakpahal.com/
आज रविवार को पहुंचेगा पार्थिव शरीर
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का हाल बेहाल है। पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि सेना की ओर से सूरज सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर को रविवार को गांव लाया जायेगा। उपजिलाधिकारी थराली रविंद्र जुवांठा ने बताया कि बठिंडा में जवान सूरज सिंह की मृत्यु का समाचार मिला है, लेकिन सेना की ओर से प्रशासन को मृत्यु के कारणों के बारे में नहीं बताया गया है।