उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

अब ऋषिकेश में भी किन्नरों की मनमानी पर लगाम, 2100 रुपये तय हुई बधाई राशि

ऋषिकेश, 11 मई। देहरादून नगर निगम के बाद अब ऋषिकेश नगर निगम ने भी बोर्ड बैठक में किन्नरों द्वारा बधाई राशि को लेकर प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है. बैठक में वार्ड पार्षद अभिनव सिंह मलिक द्वारा किन्नरों द्वारा बधाई के नाम पर की जाने वाली मनमानी वसूली को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा. जिसे सभी पार्षदों ने समर्थन देते हुए सर्वसम्मति से मंजूरी दी.

विवाह, शिशु जन्म, गृह प्रवेश आदि अवसरों पर 2100 ही दी जायेगी बधाई राशि
प्रस्ताव के मुताबिक, अब शहर में किसी भी शुभ अवसर जैसे विवाह, शिशु का जन्म, गृह प्रवेश या अन्य किसी भी शुभ कार्यक्रमों में किन्नर समुदाय द्वारा बधाई के बदले मनमानी धनराशि की मांग नहीं की जा सकेगी. नगर निगम बोर्ड ने तय किया है कि बधाई स्वरूप अधिकतम 2100 रुपए की राशि ही दी जाएगी. इससे अधिक धनराशि की जबरन मांग या दबाव बनाए जाने की स्थिति में संबंधित लोगों द्वारा प्रशासन से शिकायत की जा सकेगी.

परंपराओं का सम्मान हो, लेकिन जोर-जबर्दस्ती नहीं: पार्षद
पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने बैठक में कहा कि, कई बार आम नागरिकों से बधाई के नाम पर मनमानी रकम मांगी जाती है. नहीं देने पर कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है. ऐसे में खुशियों वाले घर में सदस्यों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि समाज में परंपराओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी प्रकार की जबरदस्ती उचित नहीं है. इसी उद्देश्य से यह प्रस्ताव लाया गया.

वहीं, बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति समर्थन करते हुए कहा कि, इससे आम जनता को राहत मिलेगी और अनावश्यक विवादों पर भी रोक लगेगी. नगर निगम बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इसे प्रशासनिक स्तर पर लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

यह प्रस्ताव पार्षद अभिनव सिंह मलिक के द्वारा लाया गया था, जो सम्मानित पार्षदों के द्वारा सभी के सहमति से पारित कर दिया गया है.
-गोपाल राम बिनवाल, नगर आयुक्त, ऋषिकेश

गौर है कि इससे पहले 29 अप्रैल को नगर निगम देहरादून ने भी बोर्ड बैठक में किन्नरों द्वारा मांगे जाने वाली बधाई राशि को लेकर चर्चा की थी. पार्षदों द्वारा किन्नरों की मनमानी धनराशि मंगाने पर निर्णय लिया गया कि अब किन्नरों को अधिकतम धनराशि 5100 रुपए तक ही दी जाएगी.

Related Articles

Back to top button