घर के अंदर मां और तीन बच्चों के शव मिलने से कांपा बागेश्वर, पिता कई दिनों से फरार

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिला मुख्यालय के नजदीक जोशीगांव में एक मकान से एक विवाहिता और उसके तीन बच्चों के सड़े-गले शव मिलने से सनसनी फैल गयी है। मृतकों में एक 5-6 महीने का बच्चा भी है। घर के दरवाजे अंदर से बंद होने के कारण पुलिस इसे प्रथम दृष्टया खुदकुशी मान रही है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शवों का आज पोस्टमार्टम किया जायेगा।
एसपी, एसडीएम और सीओ घटनास्थल पर मौजूद
गुरुवार शाम पुलिस को जिला मुख्यालय से साढ़े चार किमी दूर जोशीगांव में एक मकान से बदबू आने और दरवाजा अंदर से बंद होने पर ग्रामीणों ने देहरादून के रहने वाले मकान मालिक गोविंद बिष्ट और पुलिस को फोन से सूचित किया। एसपी हिमांशु कुमार वर्मा, एसडीएम हर गिरी, सीओ अंकित कंडारी, कोतवाल कैलाश सिंह नेगी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने की कोशिश की गयी, मगर दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गयी। शव मां और बच्चों के बताए जा रहे हैं। महिला का पति दस मार्च से लापता बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मकान में कपकोट के भनार गांव के मूल निवासी भूपाल राम का परिवार रहता था। घर के भीतर भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी (40), पुत्री अंजलि (14), पुत्र कृष्णा (8), पुत्र भाष्कर (5-6 माह) के शव होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। सीओ अंकित कंडारी के अनुसार शवों पर कहीं किसी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। भूपाल राम लापता बताया जा रहा है। यह मकान गांव से करीब 100 मीटर की दूरी पर है, इसलिए इस मकान की तरफ लोगों का आना-जाना कम रहता है। भूपाल राम के खिलाफ बागेश्वर कोतवाली में धोखाधड़ी के कई केस दर्ज हैं। गिरफ्तारी के डर से अक्सर पर घर से भागा रहता था। पुलिस काफी समय से उसे तलाश रही है। https://sarthakpahal.com/
घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे। मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम होने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।
हिमांशु कुमार वर्मा, एसपी, बागेश्वर।