
टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड के चंपावत वन प्रभाग के बूम रेंज में जंगल में चारा लेने गई महिला को रविवार सुबह तेंदुए ने मार कर सिर धड़ से अलग कर दिया। महिला गांव के ही सरकारी स्कूल में भोजनमाता थी। तेंदुए तेंदुआ महिला को करीब सौ मीटर दूर तक घसीटकर ले गया। वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उप जिला अस्पताल भेज दिया है।
सूखीढांग क्षेत्र के धूरा गजार गांव निवासी चंद्रावती (39) पत्नी प्रकाश चंद्र शर्मा गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। चंद्रावती पर तेंदुए का हमला होते ही साथ गईं अन्य दो महिलाओं ने भागकर जान बचाई। सूचना मिलते ही बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन भी टीम के साथ पहुंच गए और घटनास्थल से कुछ दूरी से चंद्रावती का शव बरामद कर लिया। ग्राम प्रधान कमल किशोर ने बताया कि चंद्रावती गजार राजकीय प्राथमिक विद्यालय में भोजनमाता थी। https://sarthakpahal.com/
महिला का शव निकालने में वन कर्मियों और ग्रामीणों का खासी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राम प्रधान कमल किशोर ने बताया कि घटनास्थल रोड हेड से करीब आठ किमी दूर था। शव को सड़क तक लाने में उप प्रधान चंचल सिंह, केशव सिंह, बासुदेव जोशी, ग्राम प्रहरी दयानंद जोशी, रेंजर गुलजार हुसैन, डिप्टी रेंजर पीडी भट्ट आदि ने सहयोग किया।