उत्तराखंडबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

पहाड़ों में भारी बारिश के बाद हरिद्वार में भीमगौड़ा बैराज का फाटक टूटा, गंगा चेतावनी रेखा के पार

Listen to this article

हरिद्वार। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के बाद रविवार शाम हरिद्वार में भीमगौड़ा बैराज का 10 नंबर गेट टूट गया। बताया जा रहा है कि इस समय गंगा चेतावनी रेखा के पार चल रही है। वहीं, अब गेट टूटने के चलते गंगा के तटीय इलाकों में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया है। पुलिस ने घटना के बाद शहर में मुनादी शुरू कर दी है। तटीय क्षेत्र में रहने वालों को वहां से शिफ्ट होने के लिए कहा जा रहा है।

भीमगौड़ा बैराज का 10 नंबर फाटक टूटा, खतरे के निशान के नजदीक पहुंचा जलस्तर
हरिद्वार के भीमगौड़ा बैराज का गेट नंबर 10 आज अचानक शाम को टूट गया। फाटक के टूटने से वहां खड़े लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने भागकर इसकी सूचना भीमगौड़ा बैराज के कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर फाटक को देखकर अपने अधिकारियों को अवगत करवाया। फाटक टूटने की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना किया। बता दें श्रीनगर डैम से पानी छोड़े जाने के चलते गंगा का जलस्तर 292.95 मीटर पर पहुंच गया है। यहां 293 मीटर चेतावनी का लेवल है, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर है।

रविवार को लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती, त्रिवेणी घाट, श्यामपुर और रायवाला क्षेत्र में गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। गंगा नदी घाटों से ऊपर बहने लगी। त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी आरती स्थल से ऊपर बह रही थी। त्रिवेणी घाट पर तैनात जल पुलिस कर्मचारियों ने लाउडस्पीकर से एनाउंसमेंट कर लोगों को सुरक्षित स्थानों और पक्के घाटों पर ही स्नान करने की अपील की। गंगा घाट पर जगह-जगह जल पुलिस के कर्मचारी तैनात रहे।

श्रीनगर डैम से छोड़ा गया पानी
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण अलकनंदा का जलस्तर भी अत्यधिक बढ़ गया और चेतावनी स्तर से ऊपर बहने लगा। जिसके चलते श्रीनगर डैम से भी रविवार सुबह साढ़े आठ बजे लगभग 2 हजार से 3 हजार क्यूमैक्स पानी छोड़ा गया। जिससे निचले क्षेत्रों में नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ गया।

प्रशासन ने मुनादी कर किया अलर्ट


गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन ने मुनादी कर लोगों का अलर्ट किया। एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि गंगा किनारे सभी संवेदनशील स्थानों पर टीम तैनात करने के साथ ही मशीनें भी तैनात की गई हैं। गंगा के जल स्तर बढ़ने की संभावना पर लोगों को गंगा किनारे न जाने के लिए कहा गया है। लोगों को सुरक्षा के लिए एहतियात बरतने को भी कहा गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक रविवार सुबह करीब 6 बजे गंगा का जलस्तर सामान्य रहा। जिसमें गंगा का जलस्तर 338.35 मीटर, सुबह 8 बजे 338.45 मीटर दर्ज किया। दोपहर दो बजे के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने लगा जो दोपहर 2 बजे 339.05 मीटर रहा। शाम 6 बजे गंगा चेतावनी रेखा 339.50 से पांच सेमी ऊपर 339.55 मीटर बहने लगी। https://sarthakpahal.com/

चार जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट
उत्तराखंड के चार जिलों में रविवार को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिले के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, अन्य जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button