
देहरादून। देहरादून के चाय बागान में रिटायर्ड फौजी और एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव सिंचाई नहर में पानी में डूबे हुए मिले। रिटायर्ड फौजी सुबह-सुबह टहलने निकले थे। जबकि, महिला कोठी में खाना बनाने जा रही थी। पुलिस किसी वाहन से टक्कर लगने से मौत होना मान रही है। लेकिन, दोनों के शरीर पर चोट के ज्यादा निशान नहीं हैं। इससे उनकी डूबोकर या फिर किसी अन्य तरीके से हत्या करने की भी आशंका जताई जा रही है। दोनों के शवों का डॉक्टर के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना गोरखपुर मार्ग पर दरू चौक के पास हुई।
जानकारी के अनुसार अंबीवाला निवासी पूर्व फौजी संदीप मोहन धस्माना पुत्र मदन मोहन धस्माना रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। वह रोज एक-डेढ़ घंटे में मार्निंग वाक कर वापस घर लौट आते थे। रविवार को तीन घंटे बाद भी नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी आसपास में तलाश की। मगर, उनका कहीं पता न चला। फोन भी न उठाने पर संदीप मोहन की पत्नी ने गांव में ही रहने वाले अपने पिता को फोन कर उनके गायब होने की सूचना दी। उन्होंने भी आसपास के लोगों के साथ मिलकर काफी दूर तक तलाश की। मगर, कोई सफलता नहीं मिली।
दोनों के बीच कोई जानपहचान नहीं
इसके बाद उन्होंने अपने एक रिश्तेदार को संदीप मोहन का मोबाइल नंबर दिया, जिसने दिल्ली में अपने एक मित्र के माध्यम से मोबाइल लोकेशन निकलवाई। लोकेशन दरू चौक के पास आई। परिजन इस लोकेशन के आधार पर संदीप को ढूंढते हुए पहुंचे तो देखा कि सिंचाई नहर के पास उनका जूता पड़ा हुआ था। एक अन्य आदमी ने देखा कि वहीं पास ही संदीप का मोबाइल भी पड़ा था। उसके करीब एक मीटर दूर संदीप नहर में डूबे हुए थे। उनके पैरों के पास एक महिला भी डूबी थी। दोनों के चेहरे पानी में साफ दिखाई दे रहे थे। इसकी सूचना उन्होंने प्रेमनगर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह क्षेत्र वसंत विहार थाने का है।
महिला की पहचान हेमलता पत्नी सुनील कुमार निवासी पीतांबरपुर के रूप में हुई। पता चला कि हेमलता रोज सुबह पास के गांव में एक कोठी में खाना बनाने जाती थी। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। शुरुआत में लगा कि दोनों ने आत्महत्या की है। लेकिन, प्राथमिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था। ऐसे में इस आशंका को भी कोई बल नहीं मिल रहा। दूसरा पुलिस मान रही है कि पास से गुजर रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और दोनों इस गूल में जा गिरे। इससे उनकी मौत हो गई। तीसरी आशंका दोनों की हत्या की भी जताई जा रही है। संदीप की ठोढ़ी पर घिसड़ने के निशान थे। जबकि, महिला के हाथ में चोट थी। https://sarthakpahal.com/
संदीप और हेमलता की मौत के मामले में पुलिस गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों के शवों का पैनल से पोस्टमार्टम कराने के लिए भी लिखा गया है। प्रथमदृष्टया यह वाहन से टक्कर का मामला लग रहा है। लेकिन, पुलिस हर दिशा में जांच कर रही है।
अजय सिंह, एसएसपी देहरादून