
देहरादून। पांच सितारा होटल में महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का आरोप नाबालिग पर लगाया गया है। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने किशोर को संरक्षण में ले लिया है, जिसकी आज जुवेनाइल बोर्ड में पेशी होगी।
राजधानी के एक पांच सितारा होटल में महिला कर्मचारी के साथ बाथरूम में नाबालिग द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म का आरोपी माता-पिता के साथ होटल में ठहरे एक किशोर पर है। महिला होटल में हाउसकीपिंज का काम करती है। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग किशोर को संरक्षण में लेकर मुकदमा दर्ज किया है। आज शनिवार को उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जायेगा।
पुलिस के अनुसार घटना राजपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल की है, जहां महिला कर्मचारी हाउस कीपिंग का काम करती है। इसी होटल में उसका पति भी काम करता है। महिला ने बाथरूम में मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान एक लड़का आया और महिला को हेलो हाय कहा। महिला ने कहा कि अगर उन्हें किसी चीज की जरूरत है तो रिसेप्शन पर बात करें। आरोप है कि लड़के ने बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण उसकी आवाज सुनाई नहीं दी। बाद में बाहर आने पर महिला ने लड़के के बारे में सारी जानकारी दी।
होटल स्टाफ ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला। पता चला कि छत्तीसगढ़ से एक परिवार दो दिन पहले होटल में ठहरा है। कल उन्हें जाना था, लेकिन इससे पहले यह घटना हो गयी। घटना के बाद होटल में हड़कंप मच गया। एसओ राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि लड़के की उम्र 15 साल है। बताया कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है।