
देहरादून। 26 नवंबर के दिन देहरादून के वसंत विहार में महिला और पुरुष दोनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। ये शव दरू चौक से आगे परवल रोड के किनारे नहर में पड़े थे। सूचना पर उस वक्त पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जानकारी की गई तो मृतकों की पहचान संदीप मोहन धस्माना पुत्र मदन मोहन धस्माना, निवासी अंबीवाला, थाना वसंत विहार, उम्र 40 वर्ष व महिला हेमलता पत्नी सुनील निवासी पीताम्बरपुर थाना वसंत विहार उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई।
आसपास सीसीटीवी फुटेज से गई जानकारियां
इसके बाद पुलिस ने दोनों के घरों के आसपास के 150 सीसीटीवी फुटेज और मृतकों के बारे में 200 लोगों से जानकारियां जुटाई गयी तो कई तरह के सुराग पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस के सीसीटीवी फुटेज का अध्ययन करने पर ये जानकारी हासिल हुई कि हेमलता 26 नवंबर को सुबह लगभग 5.18 बजे रोज की तरह घर से काम करने के लिए निकली थी। साथ ही संदीप मोहन धस्माना रोज की तरह सामान्यतः घूमने निकले थे। सीसीटीवी फुटेज में अपने घर से समय 04.48 बजे निकलते हुए दिखाई दिये।
आंतरिक चोटों की वजह से हुई थी दोनों की मौत
दोनो शवों का पोस्टमार्टम डाक्टरों के पैनल से कराया गया। जिसमें डाक्टरों द्वारा दोनों की मृत्यु किसी भारी सर्फेस के आब्जेक्ट से टकराने के कारण आई इंटरनल हेड इंजरी व इन्टरनल चोटों के कारण होना बताया गया। इससे प्रथम दृष्टया किसी वाहन की टक्कर से दोनों की मृत्यु होना प्रकाश में आया। घटना के सम्बन्ध में मृतकों के परिजनों द्वारा भी किसी पर कोई शक अथवा किसी से कोई रंजिश होना नहीं बताया गया।
एक बुलेरो के सीसीटीवी फुटेज में वाहन की हेडलाइट दरू चौक पर पायी गयी। पुलिस लगातार गाड़ियों को तलाश रही थी कि तभी उसकी नजर में दूध ले जाने का काम करने वाला शाहरुख आया। उसकी गाडी का नंबर यूके-07-सीडी-0554 था। पुलिस ने शाहरुख को बुलाया और पूछताछ की। उसके द्वारा अलग-अलग समय पर खुद को अलग-अलग स्थानों पर होना बताया गया। इस पर उसके मोबाइल की लोकेशन निकालने पर उसका अन्य स्थान पर होना पुलिस को ज्ञात हुआ।
26 नवंबर के दिन ही वसंत विहार क्षेत्र में दूध बांटते समय सुबह 5:30 बजे के लगभग दरू चौक से परवल सड़क मार्ग की ओर जाते समय सड़क पर चल रही एक महिला व एक पुरुष उसके वाहन की बाई तरफ की हेडलाइट खराब होने के कारण उसे दिखाई नहीं दिये। टक्कर लगने के कारण महिला सड़क किनारे नहर में और दूसरा व्यक्ति सड़क के किनारे गिर गया। पकड़े जाने के डर से सड़क किनारे पड़े उक्त व्यक्ति को भी सड़क से खींचकर नहर में महिला के पास फेंक दिया गया। फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जेल भेज दिया है। https://sarthakpahal.com/