उत्तराखंडमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

योग को लेकर पौड़ी गढ़वाल में उत्साह, लाइव टेलीकास्ट से घर-घर पहुंच रहा योग संदेश

Listen to this article

पौड़ी, 3 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में योग के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के तत्वावधान में कंडोलिया मैदान में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं यमकेश्वर विकासखंड के सिरासू गांव स्थित गंगा तट पर भी स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कंडोलिया मैदान में दो दिवसीय योगाभ्यास का आयोजन
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंडोलिया मैदान से बुधवार और गुरुवार को दो दिवसीय लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से योगाभ्यास कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग घर बैठे भी योग कार्यक्रम से जुड़ सकें। कंडोलिया मैदान में योग प्रशिक्षक दीपक नेगी एवं गीता देवी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने नियमित योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय भी बताए।

वहीं सिरासू गांव के पवित्र गंगा तट पर आयोजित योग कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक मेनका आर्य एवं राहुल ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में सहभागिता करने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। कार्यक्रम में डॉ. राकेश सेमवाल, डॉ. त्रिभुवन बेंजवाल, डीपीएम आशीष राणा सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button