
देहरादून। अपना पुष्कर फ्लावर भी है और फायर भी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मंगलवार के दिन भाजपा के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार में छाए रहे। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल रैली की, वहीं शांत पहाड़ पर राजनाथ सिंह दहाड़ रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए पिथौरागढ़ जिले के गंगोलिहाट में पहुंचे थे। यहां उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी की तहे दिल से तारीफ की और कांग्रेस पर जमकर आरोप प्रत्यारोप लगाया कि उनके पास तो मात्र सीएम तक का चेहरा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे पास पुष्कर धामी हैं।
उन्होंने कहा कि आज कल फिल्म पुष्पा का नाम काफी चर्चा में है और हमारे मुख्यमंत्री का नाम पुष्कर है। पुष्कर सिंह धामी का नाम सुनकर कांग्रेस के लोग समझते हैं कि ये पुष्कर तो फ्लॉवर है, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अपना पुष्कर फ्लॉवर भी है और फायर भी। हमारा पुष्कर न कभी झुकेगा, न कभी रुकेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की स्थिति यह है कि वो मुख्यमंत्री घोषित करने की हालत में नहीं हैं। इसलिए उन्होंने किसी नेता की घोषणा नहीं की है। उनके घर में ही आग लगी हुई है।