
चमोली। मैक्स खाई में गिरने से तीन युवकों ने दम तोड़ दिया। यह हादसा घाट विकास खंड के घूनी-रामणी मोटर मार्ग पर शुक्रवार रात को हुआ। मौसम खराब होने के कारण दुर्घटना का पता ग्रामीणों को शनिवार सुबह चला। हादसे में तीन की मौत हो गई है। दुर्घटना रात करीब साढ़े सात बजे के आस-पास की बताई जा रही है।
जिस स्थान पर मैक्स दुर्घटना हुई है, वह स्थान जंगल के एरिया में पड़ता है। मौसम खराब होने के कारण शुक्रवार रात को घटी दुर्घटना का किसी को भी पता नहीं चल पाया। वैसे भी जिस जगह पर दुर्घटना हुई है, वह आबादी क्षेत्र से बहुत दूर है। काफी सुनसान इलाके में दुर्घना हुई है। रामणी गांव के ग्राम प्रधान सूरज पंवार ने बताया कि वाहन रामणी गांव से घूनी जा रहा था। शनिवार सुबह जब लोग रामणी गांव से घूनी गांव की ओर जा रहे थे तो लोगों ने वहां पर मैक्स खाई में गाड़ी गिरी देखी, जिसके बाद और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दुर्घटना की सूचना तुरन्त राजस्व पुलिस को दी गई।
दुर्घटना में प्रकाश सिंह (30) पुत्र कुंदन सिंह, देवेंद्र सिंह (33) पुत्र कैलाशी सिंह और तोता राम (40) सभी रामणी गांव निवासी की मृत्यु हो गई है।