
पौड़ी, 3 अप्रैल। उत्तराखंड का पौड़ी गढ़वाल शहर एक बार फिर से सुर्खियों में है. बीते गुरुवार को नाई का काम करने वाले युवक ने एक अन्य युवक पर हमला कर दिया था, जिसके बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया. इस घटना के विरोध में आज तीन अप्रैल को व्यापारियों ने पौड़ी शहर को बंद रखने का निर्णय लिया. जिसके चलते शुक्रवार को सभी दुकानें और प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। स्थानीय व्यापारियों ओर जनता में घटना के बाद भारी विरोध देखा गया।
महिलाओं ने रैली निकालकर किया शक्ति प्रदर्शन
शुक्रवार को इस घटना को विरोध में स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने एकजुट होकर शहर में रैली निकाली. रैली के माध्यम से उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए नारेबाजी की और लोगों से अपील की कि शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. यह रैली बस अड्डे से शुरू होकर माल रोड, एजेंसी चौक और अपर लोअर बाजार होते हुए गुजरी। महिलाओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शराब की दुकान का शटर भी गिराया
वहीं उत्तराखंड की आंदोलनकारी कमला रावत ने भी विरोध जताते हुए शराब की दुकान का शटर गिराकर उसे बंद रखने की मांग की. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शराब की दुकान को शहर से बाहर स्थापित किया जाए. साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह दुकान में तोड़फोड़ करने को मजबूर होंगी.
पुलिस चार लोगों को कर चुकी गिरफ्तार
दरअसल, पौड़ी शहर में बीते गुरुवार को हुए कैंची हमले की घटना के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया है. नाई का काम करने वाले व्यक्ति ने एक युवक पर कैंची से हमला किया था, जिससे शहर में डर और आक्रोश का वातावरण बन गया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, इसके बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. आक्रोशित लोगों ने आरोपी नाई की दुकान में तोड़फोड़ की और पूरे शहर में विरोध का माहौल बन गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम पते
अब्दुल राऊफ (उम्र-61 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी, मुज्जमिल (उम्र-51 वर्ष) पुत्र पुत्र शफीक अहमद, निवासी-अपर बाजार, पौड़ी, मोहम्मद जायद (उम्र-18 वर्ष) पुत्र मुज्जमिल, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी, मोहम्मद आकिफ (उम्र-23 वर्ष) पुत्र अब्दुल राऊफ, निवासी- अपर बाजार, पौड़ी,
व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए
इसी घटना के विरोध में शुक्रवार को पौड़ी शहर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए. स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर इस घटना के खिलाफ नाराजगी जताई और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए.
शहर में पुलिस बल तैनात
फिलहाल शहर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी कर रहा है.
पूरा मामला जानिए
जानकारी के मुताबिक पौड़ी गढ़वाल शहर में रामलील मैदान के पास गुरुवार सुबह 10 बजे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी में नाई का काम करने वाले एक युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया. घटना में घायल हुए स्थानीय युवक नवीन नेगी ने बताया कि, वह अपने घर से वाहन लेकर रामलीला मैदान की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसकी कार का साइड मिरर गलती से सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति को छू गया.
आरोप है कि इस छोटी सी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में बुजुर्ग की तरफ से कुछ रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और गरमागर्मी बढ़ गई. नवीन नेगी का आरोप है कि, जब उन्होंने अपनी बात रखने और विरोध जताने की कोशिश की, तभी बुजुर्ग की तरफ से मौजूद एक युवक ने अचानक उसके कान के पास कैंची से वार कर दिया. इस घटना के बाद शहर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है.



