
पौड़ी। शनिवार को डीएम कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट के खिलाफ कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की तथा अंकिता के हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की। इस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला भी फूंका।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौड़ी कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरी देवभूमि को कलंकित कर दिया है। आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए तथा केस की सीबीआई जांच की मांग की। लोग बड़ी संख्या में हाथों में तख्तियां लिए हुए थे।
प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, जिला पंचायत सदस्य गढ़कोट संजय डबराल, प्रदेश सचिव दीपक असवाल, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष नीलम रावत, यूथ कांग्रेस के महासचिव नितिन बिष्ट,आशा डोबरियाल, मीना बिष्ट, मेहरबान नेगी, अर्जुन गोदियाल, शिवप्रसाद रतूड़ी, उपेंद्र रावत, गोपाल नेगी, रेखा, कुदीप रावत आदि लोग शामिल रहे।
चौबट्टाखाल में महिलाओं का प्रदर्शन
श्रीनगर में ग्रामीण महिलाएं प्रदेश में हुए इस जघन्य अपराध के खिलाफ खुलकर मैदान में उतर गयी हैं। महिलाओं ने चौबट्टाखाल बाजार में रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन कर तहसील परिसर में धरने पर बैठ गयीं। https://sarthakpahal.com/
महिलाओं का कहना था कि आरोपियों को फांसी की सजा मिलने तक वे इसी तरह प्रदर्शन करती रहेंगी। प्रदर्शन में पोखड़ा, एकेश्वर की आंगनबाड़ी सदस्य, महिला मंगल गल, आशा कार्यकर्त्री तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े तमाम ग्रामीणों ने अंकिता के केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने तथा वीआईपी गेस्ट का नाम सार्वजनिक करने की मांग की।