
देहरादून, 21 सितम्बर। विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा और लचर कानून व्यवस्था के विरोध में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थकों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोका तो कई समर्थक पुलिस की बस के नीचे लेट गए। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें उठाया और विधायक सहित 200 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कुछ समर्थकों को रेंजर्स ग्राउंड, जबकि विधायक व अन्य लोगों को रिजर्व पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ा।
सोमवार को यमुनोत्री के विधायक अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ देहरादून पहुंचे। उन्होंने रेंजर्स ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच किया। विधायक के साथ करीब 900 समर्थक थे। करीब दो बजे उन्होंने परेड ग्राउंड से पैदल कूच किया, जिसके बाद करीब तीन बजे पुलिस ने उन्हें हाथीबड़कला में बैरिकेड लगाकर रोक दिया। कुछ समर्थकों ने बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस फोर्स ने बैरिकेड पर नहीं चढ़ने दिया। जिसके बाद विधायक व उनके समर्थक वहीं धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटा प्रदर्शन करने के बाद पुलिस समर्थकों को बस में बैठाने लगी तो वह पुलिस की बस के नीचे लेट गए। आधा घंटा मशक्कत के बाद उन्हें बमुश्किल वहां से उठाया गया और बसों में बैठाया।
विधायक संजय डोभाल ने आरोप लगाया कि हजारों की संख्या में लोग यमुनोत्री से देहरादून के लिए प्रदर्शन करने के लिए आ रहे थे। पुलिस प्रशासन ने उनके समर्थकों को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया। कहा कि भाजपा सरकार यमुनोत्री विधानसभा की उपेक्षा कर रही है। आपदा में सरकार पूरी तरह से विफल रही। वह निर्दलीय विधायक हैं, इसलिए उनकी उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जिसके चलते उन्होंने आज देहरादून की सड़कों पर प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर पुलिस दिखी अलर्ट
कुछ दिन पहले दिव्यांगजनों के मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने के कारण पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठे थे। सोमवार को विधायक व उनके समर्थकों के कूच को लेकर पुलिस सुबह से ही मुस्तैद दिखी। एलआइयू की टीम एक-एक कार्यकर्ता की पल-पल की जानकारी साझा करने में लगी रही। सीओ सदर कंडारी मुस्तैद दिखे और सहसपुर थानाध्यक्ष शंकर सिंह बिष्ट, ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा, थानाध्यक्ष प्रेमनगर कुंदन राम सहित कई थानाध्यक्ष व पीएसी जवान मौके पर मौजूद रहे।