उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

भारत के विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए अध्यात्म की शरण में जाना होगा : योगी

गाजियाबाद/नोएडा, 27 नवम्बर।  24 जैन तीर्थंकरों ने समाज को नई दिशा और विश्व मानवता को करुणा, मैत्री, अहिंसा व ‘जियो और जीने दो’ की प्रेरणा दी, जिसकी प्रासंगिकता आज भी है। मानव सभ्यता को विकास की नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचना है तो उसे भारत के अध्यात्म की शरण में जाना होगा। यह बात वीरवार को मुरादनगर स्थित तरुण सागरम् तीर्थ पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुफा मंदिर का उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों, परंपरा व संस्कृति की धरती है।
सीएम योगी ने कहा कि यह यूपी का सौभाग्य है कि यहां अनेक जैन तीर्थंकारों ने जन्म लिया। अयोध्या में प्रथम जैन तीर्थंकर भगवान ऋषभ देव व चार जैन तीर्थंकर पैदा हुए। दुनिया ने काशी में चार जैन तीर्थंकरों को अवतरित होते हुए भी देखा। साथ ही श्रावस्ती में जैन तीर्थंकर भगवान संभवनाथ का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का महापरिनिर्वाण कुशीनगर के पावागढ़ में हुआ था। हमारी सरकार ने इस जगह का नाम फाजिलनगर से बदलकर पावा नगरी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दौरान सीएम ने मेरी बिटिया व अंतर्मना दिव्य मंगल पाठ पुस्तक का विमोचन भी किया।
समारोह में आचार्य प्रसन्न सागर जी महाराज, पीयूष सागर जी महाराज, नवपद्म सागर जी महाराज, परिमल सागर जी महाराज, प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, नरेन्द्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, अजीतपाल त्यागी, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, तरुण सागरम् तीर्थ के अध्यक्ष सुनील जैन और संरक्षक रवि त्यागी आदि मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्होंने निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर एनआईए व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जो अधूरे रह रहे गए हैं, उसमें जल्दबाजी न करें।
यात्रियों के सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बिल्कुल न करें। निरीक्षण के बाद योगी ने नागर विमानन मंत्रालय, सचिव नगर विमानन मंत्रालय, अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन, निदेशक नागरिक उड्डयन, डीजीसीए, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ और नोडल अधिकारी, जिला प्रशासन आदि के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल का उद्घाटन भी किया।

Related Articles

Back to top button