
ऋषिकेश, 28 दिसम्बर। संघर्ष समिति के नेतृत्व में लोगों ने वनंतरा रिजॉर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस में नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अंकिता हत्याकांड में शामिल लोगों को फांसी देने की मांग की।
गंगा भोगपुर तल्ला में मूल निवास भू कानून संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रदर्शन होने की सूचना पर पौड़ी गढ़वाल जिला प्रशासन की ओर से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेटिंग लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान आक्रोशित भीड़ और पुलिस बल के बीच वनंतरा रिसॉर्ट की ओर जाने को लेकर जद्दोजहद की स्थिति भी बनी रही।
इसी दौरान मूल निवास भू कानून संघर्ष समिति के संयोजक लुशुन टोडरिया और पुलिस बल में नोकझाेंक हुई। टोडरिया ने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस हत्याकांड में शामिल लोगों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। कहा कि पुलिस के दबाव जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष अब निर्णायक चरण में है।
30 दिसंबर को देहरादून में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा। हिमांशु रावत ने कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने कहा कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए।
सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में हो मामले की सीबीआइ जांच : हरीश रावत

डोईवाला में अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। इस मामले में सामने आ रहे कथित वीआइपी व अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग को भी उठाई।
कैंडल मार्च के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या एक जघन्य अपराध है। उसमें शामिल सभी आरोपितों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआइ से कराई जाए।
ब्लाक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या के दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करेगी। सरकार को इस मामले में राजनीति नहीं बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल व नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि इस हत्याकांड ने पूरे समाज को झकझोर दिया है।



